टीआरपी डेस्क। Networkless Village : सूरजपुर जिले के ओडगी विकासखंड के कैलाशनगर गांव में नेटवर्क की कमी ने ग्रामीणों और शासकीय उचित मूल्य दुकान के हितग्राहियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यहां की उचित मूल्य की दुकान पर राशन वितरण के लिए जरूरी e-KYC प्रक्रिया को पूरा करना नेटवर्क समस्या के कारण बड़ी चुनौती बन गया है।

ग्रामिणों की समस्या

ग्रामीणों ने बाताया कि नेटवर्क न होने की वजह से दुकान संचालक और हितग्राहियों को कई किलोमीटर दूर जंगलों में जाकर मोबाइल नेटवर्क की तलाश करनी पड़ती है और वहीं पर e-KYC की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती है। जिसके कारण राशन वितरण में देरी होती है, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह स्थिति और भी कठिन हो जाती है। कई बार घंटों इंतजार करने के बावजूद समस्या बनी रहती है, जिससे समय और संसाधन दोनों की बर्बादी होती है।

मोबाइल टावर की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर समस्या के प्रति उपेक्षा का आरोप लगाया है। उन्होंने मांग की है कि क्षेत्र में मोबाइल टावर स्थापित किया जाए या कोई वैकल्पिक तकनीकी व्यवस्था की जाए, ताकि हितग्राही बिना किसी परेशानी के अपने हक का राशन प्राप्त कर सकें।

Networkless Village : कैलाशनगर की यह नेटवर्क समस्या न केवल डिजिटल इंडिया अभियान की राह में बाधा है, बल्कि ग्रामीणों के लिए बुनियादी सुविधा से जुड़ी एक बड़ी चुनौती भी बन चुका है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए जल्द कोई बड़ा कदम उठाएगा।