रायपुर। छत्तीसगढ़ सुकमा जिले में जादू-टोने के शक में एक ही परिवार के 5 लोगों के हत्या की खबर है। इनमें 3 महिला और 2 पुरुष शामिल हैं। रविवार को गांव के ही कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से पीट-पीट कर मार डाला। हालांकि पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार यह मामला कोंटा के मुरलीगुड़ा कैंप के पास इटकल गांव का है। इस गांव के कुछ लोगों को पारिवारिक रूप से कुछ नुकसान हो रहा था। उन्हें शक था कि गांव का एक परिवार उनके ऊपर जादू-टोना कर रहा है।

घर में घुस कर दिया वारदात को अंजाम

कुछ दिनों से आरोपी पक्ष नुकसान के चलते परेशान था। इसी बीच रविवार को गांव के कुछ ग्रामीण उस परिवार के घर में घुस गए। इसके बाद एक-एक कर 3 महिलाओं समेत कुल 5 लोगों को धारदार हथियार से वार कर उनकी जान ले ली। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बता दें कि 4 दिन पहले बलौदाबाजार में भी जादू-टोने के शक में इसी तरह की घटना हुई थी। वहां भी एक ही परिवार के 4 लोगों का हथौड़े से सिर कुचल दिया गया। मृतकों में दो बहनें, भाई और एक साल का एक बच्चा शामिल थे। सभी के शव गुरुवार रात को एक मकान में मिले थे।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।