टीआरपी डेस्क। Paper Leak Case : छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीजी बोर्ड) की 12वीं कक्षा के हिंदी पेपर लीक मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस गिरोह के मुख्य सूत्रधार, एक सरकारी पीटी (शारीरिक शिक्षा) शिक्षक और उसके एक साथी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।

परीक्षा केंद्र से लीक हुआ था पर्चा, ₹3-3 हजार में सौदा

सेंट्रल जोन के डीसीपी उमेश गुप्ता के मुताबिक, मुख्य आरोपी जवाहर लाल कुर्रे (40 वर्ष) बेमेतरा जिले के बोरतरा शासकीय स्कूल में पीटी शिक्षक के पद पर पदस्थ है। उसने ही परीक्षा केंद्र से 12वीं का हिंदी का प्रश्नपत्र बाहर निकाला था। इसके बाद उसने पूरे पर्चे को एक कागज पर लिखवाया और इसे आगे बेचने के लिए वेणु जंघेल और विकास सेन को सौंप दिया था। इस मामले में पुलिस पूर्व में ही एनएसयूआई (NSUI) नेता वेणु जंघेल को गिरफ्तार कर चुकी है, जिससे कड़ी पूछताछ के बाद इन मुख्य आरोपियों का सुराग मिला।

गिरफ्तार आरोपियों ने लीक प्रश्नपत्र को छात्रों को 3-3 हजार रुपए में बेचा। इसके बाद यह पेपर मैसेजिंग ऐप (व्हाट्सएप) के जरिए आग की तरह पूरे राज्य में फैल गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि शिक्षक जवाहर लाल कुर्रे के बैंक खाते में संदिग्ध पैसों का लेन-देन हुआ है। पुलिस ने उसके बैंक ट्रांजेक्शन की पूरी डिटेल्स निकाल ली हैं, जिससे साफ होता है कि पेपर बेचने के बदले मोटी रकम ली गई थी।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।