Prime Minister Narendra Modi Facebook video restored by Meta after technical issue
मेटा ने तकनीकी खराबी का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फेसबुक वीडियो दोबारा बहाल कर दिया।

PM Modi Facebook Video: मेटा ने 28 जुलाई को स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से हटाया गया वीडियो गलती से हटाया गया था। कंपनी ने कहा कि यह एक अस्थायी तकनीकी समस्या थी और अब वीडियो को दोबारा उपलब्ध करा दिया गया है।

इससे पहले 28 जुलाई की तड़के कुछ समय के लिए फेसबुक पर इस वीडियो की पहुंच सीमित कर दी गई थी, जिससे इसे देखने वाले उपयोगकर्ताओं को प्रतिबंध संबंधी संदेश दिखाई दे रहा था।

23 जुलाई को जारी हुआ था वीडियो

यह वीडियो 23 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर जारी किया गया था। इसमें उन्होंने छात्र समुदाय, खासकर जेनरेशन जेड को संबोधित करते हुए पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था। प्रधानमंत्री ने वीडियो में कहा था कि अगली कैबिनेट बैठक में पेपर लीक रोकने के लिए कड़े कदमों का ऐलान किया जाएगा।

पहले दिखा कानूनी प्रतिबंध का नोटिस

वीडियो हटने के बाद फेसबुक पर एक नोटिस दिखाई दे रहा था, जिसमें कहा गया था कि किसी कानूनी अनुरोध के कारण इस कंटेंट की पहुंच सीमित की गई है। हालांकि, बाद में मेटा ने स्पष्ट किया कि वीडियो किसी कानूनी आदेश के कारण नहीं हटाया गया था। कंपनी के अनुसार, यह केवल एक अस्थायी तकनीकी खराबी का परिणाम था।

भाजपा नेताओं ने उठाए थे सवाल

वीडियो के अचानक अनुपलब्ध होने के बाद भाजपा के कई नेताओं ने फेसबुक की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। इस बीच, वीडियो पर पहले ही लाखों व्यूज आ चुके थे। मेटा की ओर से सफाई आने के बाद वीडियो को फिर से सार्वजनिक रूप से उपलब्ध करा दिया गया।

IT मंत्रालय ने मांगी जानकारी

सूत्रों के अनुसार, इस घटनाक्रम के बाद सूचना प्रौद्योगिकी (IT) मंत्रालय ने मेटा के पब्लिक पॉलिसी के ग्लोबल हेड को तलब किया है। हालांकि, मंत्रालय की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।