BJP

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ में अपने सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के लिए 7 से 9 जुलाई तक आयोजित होने वाला विशेष प्रशिक्षण शिविर केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पार्टी के भावी लक्ष्यों और शासन दृष्टिकोण की ‘री-ओरिएंटेशन’ का केंद्र बनने जा रहा है।

इस शिविर का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे, जबकि समापन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन मिलेगा। कार्यक्रम के लिए बस्तर या मैनपाट जैसे रणनीतिक स्थानों को चयनित किया जा रहा है जहां सत्ता से ज्यादा संगठन और नीति की गूंज सुनाई देगी।

भाजपा का कहना है कि यह प्रशिक्षण शिविर पार्टी की विचारधारा, शासन के मॉडल और संगठनात्मक अनुशासन को दोबारा आत्मसात कराने का माध्यम है। भाजपा की शून्य से शिखर की यात्रा, सुशासन के मॉडल, लोक जुड़ाव और आत्मानुशासन इन सभी विषयों पर सत्र होंगे। इसमें केवल पढ़ाया नहीं जाएगा, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हर जनप्रतिनिधि भाजपा की विचारधारा के अनुरूप जिए और बोले।

See also  अलाव की चपेट में आकर जिंदा जल गए दंपती

सीएम विष्णुदेव साय तीनों दिन रहेंगे मौजूद

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस प्रशिक्षण शिविर में न केवल तीनों दिन मौजूद रहेंगे, बल्कि पार्टी की छवि गढ़ने में मुख्यमंत्री की भूमिका को कैसे निभाया जाए, इस पर मार्गदर्शन भी देंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और विधानसभा अध्यक्ष भी अपने दशकों के अनुभव साझा करेंगे। खास बात यह है कि इन सत्रों में सिखाया जाएगा कि लोकप्रियता केवल घोषणाओं से नहीं, जमीनी संवाद और विचारधारा की प्रतिबद्धता से मिलती है। वहीं राजनीतिक जानकारों की मानें तो यह प्रशिक्षण शिविर दरअसल 2028 के मिशन की तैयारी है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।