रायपुर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का 12 अक्टूबर को प्रस्तावित रायपुर दौरा रद्द कर दिया गया है। उन्हें रायपुर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होना था। इसके अलावा रायपुर से कुरूद तक नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाने का भी कार्यक्रम था। अपरिहार्य कारणों से यह दौरा निरस्त किया गया है, और फिलहाल नई तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

रेल अधिकारियों ने बताया कि केवल मंत्री नहीं आ रहे लेकिन 12 तारीख के सभी कार्यक्रम यथावत रहेंगे।
रेल मंत्री का यह दौरा पहली बार 9 अक्टूबर को स्थगित होने के बाद 12 के लिए टला था।

गौरतलब है कि रेल मंत्री के आगमन के मद्देनजर रेलवे के अफसरों ने रायपुर में जोरदार तैयारियां कर रखी थीं। साफ सफाई से लेकर रंग रोगन तक पूरे रेलवे स्टेशन को अच्छी तरह चमकाया गया है। आलम यह था कि रेलवे की पटरियों तक को रंगीन कर दिया गया। हालांकि इनकी तैयारियां अब धरी की धरी रह गई हैं मगर प्रबंधन का कहना है कि सारे कार्यक्रम तय समय में ही होंगे, बस मंत्री जी नहीं रहेंगे।




