शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 शुक्र, 18 सित॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़वासियों को बड़ी राहत! आधार कार्ड में अब घर बैठे बदल सकेंगे नाम-पता, लगेंगे सिर्फ इतने रुपये, जानिए क्या है प्रक्रिया ?

Aadhaar Update New Rule CG: छत्तीसगढ़ में आधार कार्ड में नाम, पता, उम्र या अन्य जानकारी में संशोधन कराने वाले नागरिकों के लिए राहत की खबर है। अब आधार में बड़े बदलाव के लिए लोगों को केवल आधार सेवा केंद्रों पर निर्भर रहने या राजपत्र में प्रकाशन के लिए राजनांदगांव जाने की जरूरत नहीं होगी। […]

Aadhaar Update Chhattisgarh
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Aadhaar Update New Rule CG: छत्तीसगढ़ में आधार कार्ड में नाम, पता, उम्र या अन्य जानकारी में संशोधन कराने वाले नागरिकों के लिए राहत की खबर है। अब आधार में बड़े बदलाव के लिए लोगों को केवल आधार सेवा केंद्रों पर निर्भर रहने या राजपत्र में प्रकाशन के लिए राजनांदगांव जाने की जरूरत नहीं होगी। राज्य सरकार ने पहली बार इस प्रक्रिया को सेवा सेतु पोर्टल से ऑनलाइन करने की व्यवस्था शुरू की है।

नई व्यवस्था के तहत नागरिक आधार कार्ड में नाम या अन्य जरूरी विवरण में संशोधन से जुड़ी प्रक्रिया के लिए सेवा सेतु पोर्टल का इस्तेमाल कर सकेंगे। आवेदन को ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा करना होगा। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।

₹430 का चालान करना होगा जमा
नए नियम के मुताबिक आवेदक को ऑनलाइन आवेदन के साथ भारतीय स्टेट बैंक यानी SBI का ₹430 का चालान जमा करना होगा। इससे पहले बड़े नाम या सरनेम में बदलाव के लिए राजपत्र प्रकाशन की प्रक्रिया में लोगों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता था। कई मामलों में दलालों या अन्य माध्यमों से 10 से 12 हजार रुपये तक खर्च होने की बात सामने आती थी।

आवेदन के बाद मिलेगा ARN नंबर
ऑनलाइन आवेदन जमा होने के बाद आवेदक को एक यूनिक ARN यानी Application Reference Number मिलेगा। इस नंबर के जरिए नागरिक अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे। इससे आवेदन किस स्तर पर पहुंचा है और उसकी प्रक्रिया कहां तक हुई है, इसकी जानकारी घर बैठे हासिल की जा सकेगी।

तहसीलदार से शुरू होगी जांच
पोर्टल पर जमा किए गए दस्तावेजों की प्राथमिक जांच संबंधित तहसीलदार द्वारा की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद आवेदन को एसडीएम के पास भेजा जाएगा। एसडीएम स्तर पर पुष्टि होने के बाद संबंधित फाइल राजपत्र में प्रकाशन के लिए शासकीय मुद्रणालय भेजी जाएगी।

डिजिटल गजेट कॉपी भी मिलेगी ऑनलाइन
राजपत्र में नाम परिवर्तन या संबंधित सूचना प्रकाशित होने के बाद उसकी डिजिटल कॉपी भी आवेदक को ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी। यानी पूरी प्रक्रिया में दस्तावेज प्राप्त करने के लिए अलग से कार्यालय जाने की आवश्यकता कम होगी। आवेदक पोर्टल के माध्यम से अपनी प्रक्रिया और दस्तावेजों की स्थिति देख सकेगा।

29 कार्य दिवस में होगा आवेदन का निराकरण
सरकार ने इस प्रक्रिया के लिए समय-सीमा भी निर्धारित की है। निर्देशों के अनुसार आधार संशोधन से संबंधित आवेदनों का निराकरण 29 कार्य दिवसों के भीतर किया जाना है। इससे आवेदन प्रक्रिया में अनावश्यक देरी को कम करने और नागरिकों को तय समय में सेवा उपलब्ध कराने की कोशिश की गई है।

आवेदन के समय कौन से दस्तावेज जरूरी?
ऑनलाइन आवेदन करते समय नागरिकों को नाम परिवर्तन से संबंधित जरूरी दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। इनमें स्थानीय समाचार पत्र में प्रकाशित नाम परिवर्तन की सूचना, दो गवाहों के नाम और हस्ताक्षर वाला दस्तावेज, ₹50 के स्टाम्प पेपर पर नोटरीकृत शपथ पत्र और पहचान से जुड़े आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं।

लाखों लोगों को मिलेगी राहत
राज्य सरकार की इस ऑनलाइन व्यवस्था का उद्देश्य आधार में संशोधन और नाम परिवर्तन से जुड़ी प्रक्रिया को आसान बनाना है। खासतौर पर उन नागरिकों को राहत मिलेगी जिन्हें पहले राजपत्र प्रकाशन के लिए दूर-दराज के सरकारी कार्यालयों का रुख करना पड़ता था। ऑनलाइन आवेदन, ट्रैकिंग और डिजिटल दस्तावेज मिलने से समय और अतिरिक्त खर्च दोनों कम हो सकते हैं।

Naveen Kumar Sahu
लेखक / पत्रकार:

Naveen Kumar Sahu

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन