Raipur Beer Cafe Controversy: रक्षाबंधन जैसे भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को समर्पित पर्व के बीच राजधानी रायपुर में शराब परोसने के प्रचार को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर एक बीयर कैफे की ओर से रक्षाबंधन के दिन भाई-बहनों को शराब पीने का आमंत्रण दिए जाने का मामला सामने आया है।
प्रचार में एक में एक पैग फ्री जैसे ऑफर का भी उल्लेख किया गया है। इसे लेकर बजरंग दल ने कड़ी आपत्ति जताई है और प्रचार पर रोक नहीं लगने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी जिसके बाद इसपर रोक लगा दी गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ आमंत्रण
सोशल मीडिया पर सामने आए प्रचार में रक्षाबंधन के मौके पर भाई-बहनों को बीयर कैफे आने का आमंत्रण दिया गया है। इसमें शराब से जुड़े ऑफर का भी उल्लेख किया गया है। मामला सामने आने के बाद इसे लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हुई और बजरंगदल के कार्यकर्ता प्रदर्शन करने संबंधित कैफे पहुंचे।
बजरंग दल ने जताई आपत्ति
बजरंग दल ने इस प्रचार को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि रक्षाबंधन पारिवारिक और सांस्कृतिक महत्व वाला पर्व है। ऐसे पर्व को शराब के प्रचार से जोड़ना सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ है। संगठन ने इस तरह के प्रचार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। मामला बढ़ता देख कैफे संचालन ने तत्काल इस ऑफर पर रोक लगा दी है।


