रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ज्वेलर्स शॉप को निशाना बनाने से पहले ही पुलिस ने डकैती की बड़ी साजिश नाकाम कर दी। खम्हारडीह इलाके में डकैती की योजना बना रहे 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान महेश धीवर, नितिन उर्फ सोनू बैस, खेमलाल सेन, लक्ष्मण साहू और पीयूष कुमार साहू के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कचना इलाके के आसपास किसी ज्वेलर्स शॉप में डकैती डालने की तैयारी कर रहे थे। वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस को इसकी सूचना मिल गई, जिसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया।
खेल मैदान में जुटे थे पांचों आरोपी
खम्हारडीह पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके के एक खेल मैदान में कुछ युवक दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ संदिग्ध स्थिति में बैठे हैं। उनके पास धारदार हथियार होने और किसी लूट या डकैती की तैयारी करने की जानकारी पुलिस को मिली थी। जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवक भागने लगे। टीम ने घेराबंदी कर पांचों को पकड़ लिया।
तलाशी में मिले चाकू, कैंची और स्टील पाइप
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के बाद उनके पास मौजूद सामान और वाहनों की तलाशी ली। इस दौरान आरोपियों के पास से धारदार हथियार, 4 मोबाइल फोन और दो वाहन बरामद किए गए हैं। सभी खम्हारडीह के रहने वाले हैं।
दो आरोपी पहले भी जा चुके हैं जेल
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से दो का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। लक्ष्मण साहू पहले आबकारी एक्ट और मारपीट से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है। वहीं खेमलाल सेन भी मारपीट के मामले में जेल में रह चुका है। अब पुलिस सभी आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।


