Raipur Mayor Meenal Choubey addressing the high-level meeting regarding Ganesh Utsav preparations along with officials.
राजधानी रायपुर में श्रीगणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए महापौर मीनल चौबे और डीसीपी ट्रैफिक अर्चना झा की मौजूदगी में हुई अहम बैठक

Raipur Ganesh Utsav 2026: महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि गणेश उत्सव समितियों से जुड़े युवा अपनी पढ़ाई और व्यवसाय के बीच समय निकालकर श्रद्धा से आयोजन करते हैं। ऐसे में उन्हें अंतिम समय पर अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने जोन कमिश्नरों को निर्देश दिए कि वे समितियों के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित करें और समय रहते एनओसी (NOC) व अन्य औपचारिकताओं को पूरा कराने में पूरा सहयोग दें।

समितियों को अनावश्यक परेशान न करने के स्पष्ट निर्देश

आगामी श्रीगणेश उत्सव के दौरान राजधानी रायपुर में बेहतर यातायात, सुरक्षा और नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम मुख्यालय के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में नगर निगम के सभापति, सभी जोन कमिश्नर, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा, पुलिस अधिकारी, जोन अध्यक्ष और जनप्रतिनिधिगण प्रमुख रूप से शामिल हुए।

यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष चर्चा


बैठक में पंडालों, झांकियों और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। पुराने शहर सहित जोन-4 और जोन-5 के संकरे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। महापौर ने निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों में बिना आवश्यकता कोई नया प्रयोग करने के बजाय पूर्व से चली आ रही व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया जाए, ताकि आम नागरिकों और राहगीरों को कोई असुविधा न हो।

पुलिस प्रशासन और नगर निगम मिलकर सुनिश्चित करेंगे सुगम यातायात

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने बैठक में कहा कि रायपुर पुलिस कमिश्नरेट जनहित और शासन की मंशा को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार आवश्यक कदम उठाएगी। पुलिस प्रशासन नगर निगम के जोन कमिश्नरों और पार्षदों के साथ मिलकर शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने समितियों से भी अनिवार्य एनओसी प्रक्रिया का पालन करने की अपील की।

नियमों का पालन हो, लेकिन तरीका संवेदनशील और व्यावहारिक हो

सभापति सूर्यकांत राठौर और विभिन्न जोन अध्यक्षों ने बैठक में अपने विचार रखते हुए कहा कि नियमों का पालन करना जितना जरूरी है, उन्हें लागू करने का तरीका उतना ही मानवीय और व्यावहारिक होना चाहिए। यदि किसी व्यवस्था में बदलाव की आवश्यकता हो, तो समितियों से बातचीत कर आपसी सहमति से उसका समाधान निकाला जाए, जिससे उत्सव का माहौल भी बना रहे और नियम भी सुरक्षित रहें।

(FAQs)

Q1. रायपुर में गणेश उत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक की अध्यक्षता किसने की?

उत्तर: इस संयुक्त बैठक की अध्यक्षता रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने की।

Q2. बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर किस पुलिस अधिकारी ने मुख्य रूप से भाग लिया?

उत्तर: बैठक में डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने पुलिस प्रशासन की ओर से भाग लिया।

Q3. महापौर ने अधिकारियों को गणेश उत्सव समितियों के संबंध में क्या निर्देश दिए?

उत्तर: महापौर ने निर्देश दिए कि समितियों को अनावश्यक परेशान न किया जाए, उनके साथ सकारात्मक संवाद स्थापित किया जाए और मानवीय दृष्टिकोण से एनओसी व अन्य औपचारिकताओं में सहयोग किया जाए।

Q4. बैठक में मुख्य रूप किन-किन विषयों पर चर्चा हुई?

उत्तर: बैठक में अनिवार्य एनओसी, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, पंडाल व झांकी सजावट, अग्नि सुरक्षा और आम नागरिकों की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

Q5. पुराने शहर के किन जोनों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं?

उत्तर: पुराने शहर सहित जोन-4 और जोन-5 के संकरे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता के साथ यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।