Raipur News: राजधानी रायपुर में सार्वजनिक स्थान पर निर्माण मलबा फेंकने के मामले में नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। वीआईपी रोड स्थित बेबीलान टावर के पास मुख्य सड़क किनारे मलबा फेंके जाने की शिकायत सही पाए जाने पर नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने कारोबारी जसवीर सिंह खनूजा पर 25 हजार रुपये का ई-चालान जारी किया। निगम ने भविष्य में दोबारा ऐसी लापरवाही नहीं करने की चेतावनी भी दी है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, मुख्य सड़क किनारे स्थित एक व्यावसायिक परिसर की ओर से बड़ी मात्रा में निर्माण मलबा फेंके जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

जोन-9 की टीम ने किया औचक निरीक्षण

आयुक्त के निर्देश पर जोन-9 के जोन कमिश्नर राकेश शर्मा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अलसुबह किए गए औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य अधिकारी बैरोन बंजारे, उमेश नामदेव और स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी ने स्थल का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि व्यावसायिक परिसर की ओर से बड़ी मात्रा में निर्माण मलबा सड़क किनारे डाला गया था। इससे राहगीरों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी और क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था भी बिगड़ रही थी।

25 हजार रुपये का ई-चालान जारी

निरीक्षण के बाद नगर निगम ने स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर संबंधित व्यावसायिक परिसर के संचालक जसवीर सिंह खनूजा के खिलाफ 25 हजार रुपये का ई-चालान जारी किया। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर मलबा या कचरा फेंकने की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ इससे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।