टीआरपी। drain-encroachment : राजधानी रायपुर के सबसे पॉश इलाके वीआईपी रोड (VIP Road) स्थित सरकारी नाले पर अवैध कब्जे का मामला अब गरमा गया है। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने निगम कमिश्नर विश्वदीप को पत्र लिखकर भू-माफियाओं के नाम उजागर करने और संबंधित जमीन का तत्काल सीमांकन कराने की मांग की है।
वीआईपी रोड रायपुर का प्रमुख मार्ग है। यहाँ सरकारी नाले पर कब्जा न केवल करोड़ों की सरकारी भूमि की चोरी है, बल्कि इससे बारिश के मौसम में जलभराव की गंभीर समस्या भी पैदा हो सकती है। नेता प्रतिपक्ष के इस हमले ने निगम प्रशासन और सरकार की मंशा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सीमांकन रिपोर्ट सार्वजनिक करने में देरी पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कमिश्नर को लिखे अपने पत्र में कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि एक माह से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक सरकारी भूमि और नाले की सीमांकन रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया गया है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर किस भू-माफिया को सरकारी संरक्षण दिया जा रहा है, जिसकी वजह से रिपोर्ट को दबाकर रखा गया है।
‘सरकार की नाक के नीचे हो रहा करोड़ों का खेल’
तिवारी ने अपने बयान में स्पष्ट कहा कि करोड़ों रुपये की बेशकीमती सरकारी जमीन पर सरकार की नाक के नीचे अवैध कब्जा किया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि उक्त जमीन के पूरे रकबे का पारदर्शी तरीके से सीमांकन हो और उस रसूखदार व्यक्ति या समूह का नाम जनता के सामने लाया जाए जिसने सरकारी नाले को पाटकर उस पर कब्जा किया है।
नगर निगम प्रशासन पर अब भारी दबाव है। यदि जल्द ही सीमांकन रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की जाती, तो विपक्ष इस मुद्दे को लेकर निगम मुख्यालय के घेराव और सड़क पर प्रदर्शन की तैयारी कर रहा है।


