रायपुर। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच होने वाली टी-20 सीरीज का खुमार छाने लगा है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम रविवार शाम ही रायपुर पहुंच चुकी थी और मैदान में नेट प्रैक्टिस के जरिए जमकर पसीना बहा रही है।

वहीं, सोमवार को जोसेफीन नकोमो की कप्तानी में जिम्बाब्वे की टीम भी रायपुर पहुंच गई। दोनों टीमों के बीच यह पहली द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज है, जो भारतीय प्रशंसकों के लिए बेहद खास होने वाली है।

16 अक्टूबर से शुरू होगा मुकाबलों का रोमांच


भारत और जिम्बाब्वे के बीच 3 टी-20 मैचों की यह पूरी सीरीज नवा रायपुर में खेली जाएगी। सभी मुकाबले शाम 7 बजे से शुरू होंगे।

पहला टी-20: 16 अक्टूबर

दूसरा टी-20: 18 अक्टूबर

तीसरा टी-20: 20 अक्टूबर

टी-20 सीरीज के समापन के बाद दोनों टीमें 3 वनडे मैचों की सीरीज के लिए वडोदरा रवाना होंगी, जहां 23 से 28 अक्टूबर के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।

पहली बार फुल-टाइम कप्तान बनीं स्मृति मंधाना

इस ऐतिहासिक सीरीज में स्मृति मंधाना पहली बार भारतीय टीम की फुल-टाइम कप्तान के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही हैं। वहीं, विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा को उप-कप्तान बनाया गया है। पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी इस 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा हैं।

भारतीय 15 सदस्यीय टीम:-

स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा (उप-कप्तान), हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष, जी. कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि।

दर्शकों के लिए E-टिकट और मुफ्त वाई-फाई सुविधा

मैच की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की समीक्षा बैठक के बाद रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में ‘लोकल सपोर्ट कमेटी’ गठित की गई है। दर्शकों और आयोजन की सुरक्षा व सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

E-टिकट व वाई-फाई:- टिकटों की बिक्री ऑनलाइन होगी। स्टेडियम परिसर में ई-टिकट स्कैनिंग के लिए ओपन वाई-फाई की सुविधा मिलेगी।

सुरक्षा व्यवस्था:- पूरे स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र को CCTV कैमरों से लैस किया जाएगा।

इमरजेंसी व ग्रीन कॉरिडोर:- किसी भी आपात स्थिति व VIP आवाजाही के लिए ग्रीन कॉरिडोर, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात रहेंगी। अस्पतालों के साथ मैपिंग भी की गई है।