रायपुर। हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर के समर्थन में राजपूत करणी सेना ने आठ मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। धरने के बाद संगठन के अध्यक्ष राज शेखावत ने इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी में ADM को राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

धरना खत्म होने से पहले ASP लखन पटले, ADM यूएस बांदे और कई थानों के TI के साथ करीब एक घंटे की बैठक हुई। बातचीत के बाद करणी सेना ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

राज शेखावत का कहना है कि प्रशासन ने मांगों पर 15 दिन का समय मांगा था, लेकिन उन्होंने खुद 30 दिन का समय दिया है। उनका दावा है कि प्रशासन ने तोमर परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। शेखावत ने चेतावनी दी कि अगर तय समय में मांगें नहीं मानी गईं तो वे गृह मंत्री के आवास का घेराव करेंगे।

हरियाणा से आए ओकेंद्र सिंह राणा ने भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि जिन राज्यों में भाजपा सरकार है, वहां वे वोट से चोट देंगे। उनका कहना था कि अगर समाज की महिलाओं का अपमान होगा तो वे चुप नहीं बैठेंगे। राणा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कमल का फूल, अब उनकी भूल है और जब तक उनका गुस्सा शांत नहीं होगा, विरोध जारी रहेगा।

ADM यूएस बांदे का कहना है कि करणी सेना ने आठ बिंदुओं में अपनी मांगें सौंपी हैं। प्रशासन ने उन्हें 15 दिन की समय सीमा दी है। ज्ञापन को आगे अधिकारियों तक भेजा जाएगा और जो भी निर्णय आएगा, वह करणी सेना को बताया जाएगा।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।