गुरुवार, 10 सितंबर 2026 गुर, 10 सित |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

RKM Power Plant Accident : 40 मीटर की ऊंचाई से गिरा लिफ्ट, 3 मजदूरों की मौत, 7 घायल, मेंटेनेंस कार्य के दौरान हादसा

RKM Power Plant Accident : 40 मीटर की ऊंचाई से गिरा लिफ्ट, 3 मजदूरों की मौत, 7 घायल, मेंटेनेंस कार्य के दौरान हादसा
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा में स्थित आरकेएम पावर प्लांट में मंगलवार देर रात एक दुखद हादसा हुआ। मेंटेनेंस कार्य के दौरान मजदूरों को ले जा रही एक लिफ्ट 40 मीटर की ऊंचाई से अचानक नीचे गिर गई। इस हादसे में 3 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, लिफ्ट को 75 मीटर की ऊंचाई तक जाना था, लेकिन 40 मीटर पर पहुंचते ही इसका संतुलन बिगड़ गया और यह तेजी से नीचे गिर पड़ी। हादसे के बाद प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया। घटना डभरा थाना क्षेत्र में हुई। दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे मजदूर ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। सभी घायल मजदूरों को नजदीकी निजी फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मजदूरों और परिजनों का हंगामा

हादसे की खबर फैलते ही मृतक मजदूरों के परिजन और अन्य मजदूर प्लांट के मुख्य द्वार पर एकत्र हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर डभरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ-साथ मामले की जांच शुरू की।

हादसे की जांच शुरू

प्रारंभिक जांच में लिफ्ट में तकनीकी खराबी को हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि, प्लांट प्रबंधन और सुरक्षा विभाग की ओर से लापरवाही के आरोप भी सामने आ रहे हैं। हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।