टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम जोंगरा में नकाबपोश बदमाशों द्वारा युवती पूर्णिमा चौहान की सरेराह गोली मारकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले में अब सूबे की सियासत गरमा गई है। कानून व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय विशेष जांच समिति का गठन कर दिया है।

दरअसल, सक्ती जिले में दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद से ही इलाके के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। इस जांच समिति का संयोजक चंद्रपुर के विधायक रामकुमार यादव को बनाया गया है।

गौरतलब है कि सक्ती और जांजगीर-चांपा का यह पूरा इलाका इस वक्त इस हत्याकांड के बाद से सहमा हुआ है। कांग्रेस ने इस समिति में बिलासपुर संभाग के जमीनी पकड़ रखने वाले विधायकों को शामिल किया है ताकि जमीनी सच सामने आ सके।

कमेटी में शामिल अन्य सदस्यों के नाम इस प्रकार हैं:

  • व्यास कश्यप (विधायक, जांजगीर-चांपा)
  • शेषराज हरवंश (विधायक, पामगढ़)
  • राघवेंद्र सिंह (विधायक, अकलतरा)
  • बालेश्वर साहू (विधायक, जैजेपुर)

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।