कोंडागांव जिले से एक बेहद दुखद और हैरान करने वाली खबर सामने आई है। जिले के उरंदाबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ – CAF) के एक कैंप में तैनात जवान ने अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

इंसास राइफल से मारी गोली

मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक जवान का नाम जोगेंद्र नेताम था, जो सीएएफ (CAF) में आरक्षक (कॉन्स्टेबल) के पद पर तैनात था। 3 महीने पहले जोगेंद्र की पोस्टिंग हुई थी। वह छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 5वीं बटालियन में पदस्थ था और कैंप में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था।

बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान उसने अपनी INSAS सर्विस राइफल से कनपटी पर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर कैंप में मौजूद अन्य जवान मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक जोगेंद्र नेताम की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना फौरन वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस को दी गई।

कोंडागांव के पुलिस अधीक्षक (SP) पंकज चंद्रा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आज जब जवान ड्यूटी पर तैनात था, तभी कैंप के भीतर अचानक गोली चलने की तड़तड़ाहट गूंजी। गोली की आवाज सुनते ही कैंप में हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई। बैरक में मौजूद अन्य साथी जवान तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे, तो वहां जोगेंद्र खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।