रायपुर। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में एक ही दिन में हत्या की कई दर्दनाक वारदातें सामने आई हैं। रायपुर, रायगढ़, धमतरी, कवर्धा और सूरजपुर जिलों से कुल 7 हत्याओं की खबर आई है। कहीं दो सगे भाइयों ने युवक की जान ले ली, तो कहीं पति ने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। कुछ मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कई की जांच जारी है। मिली जानकारी के अनुसार ये सारे मामले रविवार-सोमवार के दरमियान की हैं।

रायपुर: दो सगे भाइयों ने युवक की हत्या की

राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के बीएसयूपी कॉलोनी में 100 रु को लेकर विवाद में खून बह गया। मोहल्ले के निवासी मदन यादव और सूरज यादव, दोनों सगे भाई, ने पड़ोसी ताहिर हुसैन के साथ झगड़ा कर लिया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ी कि दोनों ने कैंची से ताहिर के सीने और पेट पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल ताहिर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

रायगढ़: पति-पत्नी की हत्या कर शव आंगन में फेंका

रायगढ़ जिले के भेंड्रा पंचायत के कपाटडेरा गांव में पति-पत्नी की हत्या कर शव को आंगन में फेंक दिया गया। मृतकों की पहचान गुरुवार सिंह राठिया (35) और मनीता राठिया (30) के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर घरघोड़ा थाना पुलिस, डॉग स्क्वायड टीम और फॉरेंसिक जांच दल मौके पर पहुंचे। हत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है, पुलिस जांच में जुटी है।

धमतरी: नवविवाहित दंपत्ति की मौत

धमतरी जिले के हरदी गांव (बड़ी करेली चौकी) में नवविवाहित जोड़े की लाश उनके ही घर में संदिग्ध हालत में मिली। मृतक की पहचान हिम्मत यादव और लक्ष्मी यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक ने मौत से पहले व्हाट्सएप स्टेटस में लिखा था कि उसने पत्नी की हत्या की है और अब खुद आत्महत्या करेगा। साथ ही उसने अपनी मौत के लिए सास-ससुर को जिम्मेदार ठहराया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कवर्धा: सोती पत्नी की सब्बल से हत्या

कवर्धा जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र के ग्राम सोढ़ा में दीपावली की रात एक पति ने सोती हुई पत्नी की सब्बल से हत्या कर दी। घायल पत्नी अशमनी गेन्ड्रे की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। आरोपी पति परसुराम गेन्ड्रे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के पीछे घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है।

सूरजपुर: खाना न बनाने पर पति ने पत्नी की हत्या की

सूरजपुर जिले के भट्ठापारा (कोतवाली थाना क्षेत्र) में एक पति ने मामूली विवाद में अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। खाना न बनाने की बात को लेकर आरोपी अतवार सिंह ने पत्नी पर डंडे से हमला किया। हत्या के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।