बिलासपुर। कांग्रेस पार्टी में अंदरूनी कलह एक बार फिर उजागर हो गई है। नगर निगम वार्ड क्रमांक 42 चंद्रशेखर आजाद नगर (देवरीखुर्द) में पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ कार्य करने के आरोप में प्रदेश प्रवक्ता अभयनारायण राय समेत तीन नेताओं को छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।

निष्कासित नेताओं में अभयनारायण राय, मनिहार निषाद और इशहाक कुरेशी शामिल हैं। कांग्रेस प्रत्याशी ब्रह्मदेव सिंह ठाकुर ने जिला कांग्रेस कमेटी से शिकायत की थी कि ये तीनों नेता चुनाव में पार्टी प्रत्याशी को हराने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे थे, जिससे कांग्रेस को भारी नुकसान हुआ। जांच के बाद कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी ने अनुशासनहीनता और भितरघात के आरोप में निष्कासन का आदेश जारी किया।

प्रदेश प्रवक्ता अभयनारायण राय ने इस फैसले पर आपत्ति जताई और इसे अनुचित करार दिया। उन्होंने तर्क दिया कि जिला कांग्रेस कमेटी को प्रदेश प्रवक्ता के खिलाफ कार्रवाई करने का अधिकार नहीं है, और यह स्वयं अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।

शहर कांग्रेस कमेटी ने भी अनुशासनहीनता को लेकर कड़ा कदम उठाया है। वार्ड 35 नागोराव शेष नगर से कांग्रेस प्रत्याशी आदेश पांडेय की शिकायत पर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय ने पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा पांडेय, आईटी सेल से जुड़े राहुल ठाकुर और लल्ला सोनी को भी छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया। इन नेताओं पर कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ प्रचार करने का आरोप था।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।