प्रदेश सरकार के अधिकारी या तो जेल में हैं या बेल में हैं- डॉ रमन सिंह

रायपुर। प्रदेश में कांग्रेस सरकार के 4 साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य की सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पहले छत्तीसगढ़ विकास से पहचाना जाता था। अब प्रदेश की पहचान ईडी और सीडी से है। प्रदेश के पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार के अधिकारी या तो जेल में हैं या बेल में हैं। सरकार में योजनाएं सिर्फ भ्रष्टाचार के लिए, विकास के काम सिर्फ विज्ञापन के लिए किए जा रहे हैं।

रमन सिंह ने सवाल करते हुए कहा कि 36 वादों का क्या हुआ, किस स्थिति में प्रदेश को छोड़ा है। अब सरकार गौरव दिवस मना रही है। उन्‍होंने कहा, शांति का टापू छत्तीसगढ़ अपराध का गढ़ बन गया है। 15 साल तक प्रदेश में शांति थी, अब लोग ठगा सा महसूस कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ गर्त में जा रहा है। दुष्कर्म में प्रदेश में छठवें स्थान पर है, ये उपलब्धि है। बिलासपुर में कांग्रेस नेता की हत्या हुई, दिनदहाड़े गोली मार दी गई। ये है गौरव दिवस?

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार कहती है कि हमने 36 में से 35 वादे पूरे कर दिए लेकिन पूरे प्रदेश में आंदोलन चल रहा है। सरकार के चार साल पूरे होने के बाद भी किसानों को दो साल का बोनस नहीं मिला। रमन सिंह ने तंज कसते हुए कहा, 17 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के चार साल पूरे हो रहे हैं, मगर जो कीर्तिमान स्थापित हुए हैं उसमें, हत्या, डकैती और लूट हो रही है।

चार साल में 55 हजार करोड़ का कर्ज सरकार ने लिया है, अनुमान लगाया जा सकता है कि इससे प्रदेश के प्रति व्यक्ति पर 30 हजार का कर्ज है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार शराबबंदी की बात करती है, लेकिन आज शराब दुकानें प्रदेश में डबल हो गई। सरकार शराब की होम डिलेवरी कर रही है। कोरोना काल में पूरे देश में सबसे ज्यादा शराब छत्तीसगढ़ में बिकी। चार साल पूरे होने पर इसका गौरव कांग्रेस सरकार मना रही है।

साथ ही राजभवन को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने कहा- राजभवन किसी भी तरह से निर्णय लेने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि, राजभवन किसी दल का नहीं होता। उस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू
 पर

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।