रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए प्रेशर IED ब्लास्ट में एएसपी आकाश राव गिरपुन्जे शहीद हो गए, जबकि एसडीओपी और टीआई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायल अधिकारियों को बेहतर इलाज के लिए राजधानी रायपुर स्थित रामकृष्ण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सोमवार शाम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अस्पताल पहुंचे और घायल अफसरों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी तरह की कमी न रहे। उन्होंने बताया कि दोनों अधिकारी अब खतरे से बाहर हैं, और राज्य सरकार लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।

इसके बाद मुख्यमंत्री शहीद आकाश राव गिरपुन्जे के निवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने कहा, शहीद की शहादत को पूरा प्रदेश नमन करता है। यह एक अपूरणीय क्षति है, लेकिन राज्य सरकार परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

नक्सलियों को भुगतना होगा इसका परिणाम: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने हमले को कायराना हरकत करार देते हुए कहा कि नक्सलियों की ये गतिविधियाँ उनकी हताशा का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बल नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्हें लगातार सफलता भी मिल रही है। इसी बौखलाहट में नक्सली इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। लेकिन उन्हें इसका परिणाम भुगतना ही होगा। वह दिन दूर नहीं जब छत्तीसगढ़ से उनका अस्तित्व मिटा दिया जाएगा।

See also  इसरो के अध्ययन भ्रमण से लौटे मेघावी विद्यार्थियों ने देखी विस की कार्यवाही

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।