रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में आकाशीय बिजली गिरने से एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के तकनीकी उपकरण खराब हो गए। इससे विमान सेवाएं प्रभावित हुई हैं। गुरुवार सुबह विजिबिलिटी कम होने के कारण 6 फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया है, इससे पहले 5 फ्लाइट्स को अन्य शहरों की ओर डायवर्ट करना पड़ा।

तकनीकी मरम्मत जारी

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, तकनीकी उपकरणों की मरम्मत का काम जारी है। अनुमान है कि जल्द ही एयरपोर्ट पर पर विमानों का संचालन सामान्य हो सकता है। हालांकि, लैंडिंग विजिबिलिटी पर निर्भर करेगी और अंतिम निर्णय पायलट द्वारा लिया जाएगा। टेक ऑफ में कोई परेशानी नहीं है। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को जगदलपुर जाने वाले हैं, लेकिन मौसम और तकनीकी स्थिति के कारण इस पर फैसला 10 बजे के बाद लिया जाएगा।

यात्रियों को हो रही परेशानी

फ्लाइट कैंसिल होने से यात्रियों को खासी दिक्कत हो रही है। इंदौर जाने वाले एक यात्री ने बताया कि उन्हें अब पहले भोपाल जाना पड़ेगा और फिर वहां से सड़क मार्ग से इंदौर के लिए 150 किमी का सफर तय करना होगा, क्योंकि डायरेक्ट फ्लाइट फिलहाल उपलब्ध नहीं है।

कल इन फ्लाइट्स को किया गया था डायवर्ट

इससे पहले एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी और खराब मौसम के कारण हैदराबाद और कोलकाता से रायपुर आने वाली फ्लाइट्स को भुवनेश्वर भेजा गया था। दिल्ली से रायपुर आने वाली फ्लाइट को भोपाल, मुंबई से आने वाली फ्लाइट को नागपुर और पुणे से रायपुर आ रही फ्लाइट को भी अन्य एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया था।

हालात सामान्य होने तक यात्रियों को अलर्ट रहने की सलाह

एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी एयरलाइंस की आधिकारिक वेबसाइट या कस्टमर केयर से जरूर लें। साथ ही, मौसम और तकनीकी सुधार के बाद ही यात्रा की योजना बनाएं।