टीआरपी डेस्क। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने बिहार, उत्तर प्रदेश, गोवा, नागालैंड, मणिपुर और मेघालय सहित छह राज्यों में ऑब्जर्वरों की सूची जारी की है। इसमें छत्तीसगढ़ के चार नेताओं को भी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मोहन मरकाम को उत्तर प्रदेश का ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। उनके साथ अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह और पूर्व मंत्री शिव डहरिया को भी उत्तर प्रदेश में संगठन सृजन अभियान के तहत जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, पूर्व मंत्री उमेश पटेल को नागालैंड का ऑब्जर्वर बनाया गया है।

यह नियुक्तियां कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत यह कदम उठाया गया है।

उत्तर प्रदेश जैसे बड़े और राजनीतिक रूप से अहम राज्य में छत्तीसगढ़ के नेताओं की तैनाती को पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। अभियान के तहत सभी राज्यों में जिला कांग्रेस अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

See also  23 फरवरी को शपथ लेंगे छत्‍तीसगढ़ के नवनियुक्त राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन

कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान पार्टी को नए सिरे से सशक्त बनाने की पहल है। इसके तहत कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने, संगठन को अधिक लोकतांत्रिक बनाने और आगामी चुनावों के लिए मजबूत ढांचा तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि अनुभवी नेताओं को अलग-अलग राज्यों में भेजने से संगठन को मजबूती मिलेगी।