टीआरपी। bulet train: कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि 11 साल से बुलेट ट्रेन का सपना दिखाया जा रहा है। हकीकत यह है कि सरकार पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेन का भी सही ढंग से संचालन नहीं कर पा रही है। आगामी दिनों में हिंदुओं का सबसे बड़ा पर्व दीपावली आ रही है। शहरों से लाखों लोग अपने मूल निवास त्यौहार मनाने प्रस्थान करते हैं। रेलवे द्वारा ट्रेनों को रद्द करने से आम जनता के साथ अन्याय किया जा रहा है।
उद्योगपतियों की मालगाड़ियों के चलते रद्द कर रहे ट्रेन
पूर्व विधायक उपाध्याय का कहना है कि भाजपा सरकार हिंदुओं के साथ केवल वोट बैंक की राजनीति कर रही है। रेल मंत्रालय को छत्तीसगढ़ से अरबों रुपये की आमदनी होती है, फिर भी छत्तीसगढ़वासियों को ट्रेन की सुविधा से वंचित किया जा रहा है। विधायक ने आरोप लगाया है कि बड़े उद्योगपतियों की मालगाड़ियों को चलाने के लिए पैंसेजर ट्रेनों को या तो रद्द किया जा रहा है अथवा विलंब से चलाया जा रहा है।
भाजपा जनप्रतिनिधि मौन
उपाध्याय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगातार ट्रेनों को रद्द किए जाने पर छत्तीसगढ़ से भाजपा के सांसद बृजमोहन अग्रवाल और राज्यमंत्री तोखन साहू सहित लोकसभा एवं राज्यसभा सांसद जैसे अनेक जनप्रतिनिधि मौन बैठे हुए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार सिर्फ और सिर्फ उद्योगपतियों को लाभ पहुँचाने में ही मस्त हैं। आमजनमानस के प्रति सिर्फ उदार भावना दिखाने का ढोंग कर रहे हैं एवं उनका शोषण करने का ही काम कर रहे हैं।


