टीआरपी डेस्क। रायपुर में बढ़ते ट्रैफिक जाम और सड़कों पर बढ़ती अव्यवस्था को लेकर राज्यपाल रमेन डेका ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को उन्होंने राजभवन में रायपुर के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की विशेष बैठक बुलाई, जिसमें शहर की यातायात स्थिति और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

राज्यपाल ने कहा कि राजधानी की जनसंख्या और बढ़ते वाहनों की संख्या को देखते हुए ट्रैफिक सिस्टम को तत्काल अधिक अनुशासित और वैज्ञानिक तरीके से सुधारने की आवश्यकता है। उन्होंने ट्रैफिक मॉनिटरिंग को और मजबूत करने, सिग्नल व्यवस्था दुरुस्त करने और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में मानव जीवन की हानि बेहद दुखद है और इसे रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। राज्यपाल ने अवैध पार्किंग, नशे में वाहन चलाने, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट गाड़ी चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान राज्यपाल ने इस बात पर भी जोर दिया कि सुरक्षित यातायात के लिए प्रशासनिक सतर्कता के साथ-साथ नागरिकों का सहयोग भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और कड़ाई, दोनों के संतुलन से ही रायपुर में ट्रैफिक व्यवस्था को नई दिशा दी जा सकती है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।