टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाने वाले एक आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान राकेश परिहार के रूप में हुई है, जिसे रामनगर, तहसील फुलेरा, राजस्थान से पकड़ा गया। उसके पास से फर्जी आईडी बनाने में उपयोग किए गए मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। इससे पहले, एक अन्य आरोपी को अलवर, राजस्थान से गिरफ्तार किया जा चुका है।

आरोपी ने मुख्यमंत्री के नाम और फोटो का दुरुपयोग करते हुए फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाई थी। इसके जरिए उसने छवि धूमिल करने और पैसे ठगने की कोशिश की थी। सूचना मिलने पर रेंज साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया।

आईजी रायपुर ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए निर्देश दिए

पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाने की टीम को तकनीकी साक्ष्य जुटाकर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। टीम ने फर्जी आईडी की जानकारी मिलने पर राजस्थान का लोकेशन ट्रैक किया और आरोपी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 2022 में मुख्यमंत्री और तत्कालीन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की फर्जी फेसबुक आईडी बनाई थी। पुलिस ने आरोपी के फोन और सिम कार्ड को जब्त कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।