टीआरपी। Mook Mati Express : भारतीय रेल यात्रियों को सुरक्षित, किफायती एवं सुविधाजनक सेवाएं प्रदान करने के साथ-साथ अपने कार्यक्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और क्षेत्रीय पहचान को सम्मान देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में, रेलवे बोर्ड के अनुमोदन से 11701/11702 रायपुर-जबलपुर एक्सप्रेस का नाम परिवर्तित कर ’“मूक माटी एक्सप्रेस”’ रखा गया है ।

मूक माटी’ नाम में धरती और संस्कृति का भाव निहित

‘मूक माटी’ नाम छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल क्षेत्रों की उस धरती का प्रतीक है, जो बिना शब्दों के भी अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक चेतना को संजोए हुए है । यह नामकरण रेलवे के कार्यक्षेत्र से जुड़े धरती, संस्कृति और जनभावनाओं को सम्मान प्रदान करता है ।

’आचार्यश्री 108 विद्यासागर महाराज के विचारों से प्रेरित नामकरण’

यह नाम परिवर्तन संत शिरोमणि आचार्यश्री 108 विद्यासागर महाराज के अहिंसा, सत्य, संयम और मानवता के विचारों से प्रेरित है । उनके जीवन दर्शन ने समाज को नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं के प्रति जागरूक किया । ‘मूक माटी एक्सप्रेस’ इस भाव को दर्शाती है कि रेल यात्रा केवल आवागमन ही नहीं, बल्कि मानवीय और सामाजिक मूल्यों से जुड़ाव का माध्यम भी हो सकती है ।

यात्रियों के लिए सेवाओं में कोई परिवर्तन नहीं

नाम परिवर्तन के अंतर्गत, ट्रेन संख्या 11701/11702 यथावत रहेगी, मार्ग, समय-सारिणी एवं कोच संरचना में कोई बदलाव नहीं किया गया है तथा आरक्षण टिकट, चार्ट, एनटीईएस एवं अन्य यात्री सूचना प्रणालियों में नया नाम ’“मूक माटी एक्सप्रेस”’ प्रदर्शित होगा ।

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।