रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के समीप विधानसभा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर-बलौदाबाजार रोड पर सारागांव के पास एक ट्रेलर (क्रमांक JH-05 DP-7584) ने एक स्वराज माजदा (क्रमांक CG 04 MQ 1259) को टक्कर मार दी। इस हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें 10 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। मृतकों में एक नवजात बच्ची भी थी। वहीं, दर्जनभर से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ। रायपुर के चटौद गांव निवासी पुनीत साहू की बेटी के बच्चे के जन्म के छठे दिन ‘छठी कार्यक्रम’ में शामिल होने के लिए उनके रिश्तेदार खरोरा थाना क्षेत्र के बाना बनारसी गांव गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग माजदा वाहन से वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

घटना की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जबकि कुछ को प्राथमिक उपचार के लिए खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

रायपुर रेंज के आईजी, एसपी, एडिशनल एसपी सहित अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। भाजपा विधायक अनुज शर्मा भी देर रात अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।