सीएम के निर्देश पर मरवाही की ज्योति कैवर्त्य का उपचार शुरू

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर मरवाही के ग्राम सिवनी की ज्योति कैवर्त्य का इलाज तत्काल शुरू हो गया है। 20 वर्ष की ज्योति दो वर्ष की उम्र से ही सीवियर थोरेकोलम्बर कायफोस्कोलियोसिस नामक रीढ़ की हड्डी की बीमारी से जूझ रही है। संवेदनशील मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के संज्ञान में ज्योति की बीमारी की बात आते ही उन्होंने सरकारी खर्चे पर ज्योति के इलाज के निर्देश गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्रशासन को दिए थे।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. देवेंद्र सिंह पैकरा ने तत्काल ज्योति के इलाज की कार्यवाही शुरू की। सीएमएचओ डॉ. पैकरा ने बताया कि ज्योति को 14 सितम्बर को रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. विनीत जैन को दिखाया गया। उन्होंने जांच के बाद पाया कि ऑपरेशन से ही उसकी बीमारी का इलाज संभव है।

रायपुर के श्री नारायणा अस्पताल के अस्थि रोग विशेषज्ञ एवं स्पाइन सर्जन डॉ. मनिंदर भूषण तथा मुंबई के लीलावती अस्पताल के स्पाइन व स्कोलियोसिस सर्जन डॉ. विशाल कुंदानी ने ज्योति की जांच कर बताया कि ऑपरेशन के लिए रीढ़ की हड्डी को सीधा करने की आवश्यकता है।

See also  Air Show Rehearsal : सूर्यकिरण जेट्स और आकाशगंगा पैराट्रूपर्स का रिहर्सल, आकाशीय करतबों से दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध, यहां देखें वीडियो…

इसके लिए उसे एक माह मशीनों के माध्यम से हॉलो-ट्रैक्शन पर रखने के बाद ही ऑपरेशन किया जा सकेगा। अभी ज्योति की शारीरिक कमजोरी को देखते हुए डॉक्टरों ने खानपान संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए एक महीने के बाद आगे के इलाज के लिए बुलाया है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।