टीआरपी। Unable to find funds for PM housing : प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत राजधानी रायपुर के सैकड़ों लोगों ने नगर निगम में आवेदन दिया। नया मकान बनाने के लिए अपना पुराना मकान तोड़ दिया और इस उम्मीद में किराए के मकान में रहने लगे कि जब एकाध महीने में नया मकान बन जाएगा तब शिफ्ट हो जाएंगे। लेकिन, लोगों की उम्मीद टूट चुकी है और महीनों बीत जाने के बाद भी पीएम आवास बनाने के लिए किश्त जारी नहीं की गई है। कुछ लोग तो ऐसे हैं जो अब परेशान होकर दूसरों से कर्जा लेकर मकान बनाने की सोच रहे हैं। ऐसे ही परेशान लोगों ने सोमवार को नगर निगम मुख्यालय के द्वार पर धरना देकर प्रदर्शन किया और भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए।

800 हितग्राही के खाते में किश्त जमा करने का आश्वासन

See also  ब्रेकिंग: गुजरात में भूकंप के झटके, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग


नगर निगम मुख्यालय द्वार पर पीएम आवास योजना में राशि की किश्त न मिलने से जिन लोगों का मकान नहीं बन पा रहा है। ऐसे 200 से अधिक लोगों ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। नगर निगम में कांग्रेस पार्टी के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी, कांग्रेसी नेता आकाश शर्मा, कन्हैया अग्रवाल ने प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया। मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर रहे लोगों ने महापौर मीनल चौबे को जमकर कोसा। करीब दो घंटे तक प्रदर्शन करने के पश्चात नगर निगम अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि 20 दिसंबर तक लगभग 800 हितग्राहियों के खाते में किश्त की राशि जमा कर दी जाएगी। इनमें से 200 लोगों के खाते में 24 घंटे के भीतर और अगले 200 लोगों के खाते में दो तीन दिनों में राशि जमा होगी। शेष हितग्राहियों को भी 20 दिसंबर तक राहत मिल जाएगी।


आश्वासन मिलने के बाद धरना खत्म


नगर निगम अधिकारियों के आश्वासन के पश्चात प्रदर्शनकारियों ने धरना खत्म किया। एक महिला ने बताया कि उसने पीएम आवास योजना में मकान बनाने की स्वीकृति मिलने के बाद अपने पुराने मकान को तोड़ दिया। पांच हजार रुपये किराए में रहने लगी। अब, छह महीना बीत जाने पर भी किश्त न मिलने से मकान अधूरा है। इसके चलते तनाव होने लगा। तनाव के कारण ही उसकी बेटी लकवा रोग से पीड़ित हो गई। परिवार पर संकट छा गया है, ऊपर से मकान न बनने से हालत खराब हो चुकी है। कुछ इसी तरह की परेशानियों से ग्रस्त अनेक महिलाओं ने अपनी आपबीती सुनाते हुए सरकार से गुजारिश की है कि जल्द ही उन्हें मकान बनाने किश्त जारी की जाए।

See also  GAD का फरमान: तबादले वाली जगह पर 13 तक ज्वाइन नहीं किया तो होगी कार्रवाई


10 दिनों में होगा समाधान


प्रदर्शनकारियों के साथ धरने पर बैठे नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने प्रदर्शनकारियों की ओर से नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त से मुलाकात की। अधिकारी ने आश्वासन दिया कि अगले 10 दिनों में समस्या का समाधान हो जाएगा।

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।