कोंडागांव। जिले के कोकोड़ी गांव में देर रात गुस्साए ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी समिति मर्यादित कोण्डागांव के प्लांट में घुस कर तोडफ़ोड़ की। इस दौरान ग्रामीणों ने परिसर में खड़े कुछ वाहनों और बिजली व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया। तोड़फोड़ के दौरान प्लांट को भारी क्षति होने की जानकारी सामने आई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर खड़ी कार, ट्रक, हाइवा, जेसीबी और ट्रैक्टर सहित अन्य मशीनरी को नुकसान पहुंचाया गया। घटना के दौरान प्लांट परिसर की लाइटें तोड़ी गईं और कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही।

प्लांट से निकलने वाले अपशिष्ट और बदबू से परेशान

ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाले अपशिष्ट और बदबू के कारण आसपास के क्षेत्रों में रहना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि इस समस्या को लेकर वे पूर्व में भी कई बार विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल सका। इसी असंतोष के चलते इस बार विरोध ने उग्र रूप ले लिया।

See also  Atal Statue Scam: अटल जी की एक और प्रतिमा में भ्रष्टाचार का मामला आया सामने, मूर्तियों की दरारें बता रही हैं कहानी

प्लांट को बंद करने की मांग

ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाली बदबू, गंदगी और फसल खराब होने जैसी समस्याओं से वे लंबे समय से परेशान हैं। इसी कारण वे प्लांट को बंद करने की मांग करते हुए पूर्व में भी कई बार विरोध प्रदर्शन किया गया है, लेकिन इस बार ग्रामीणों ने उग्र रास्ता अपना लिया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन के अनुसार, क्षेत्र में हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं और शांति बनाए रखने की अपील की गई है। प्रशासन ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।