रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के दामाखेड़ा में शुक्रवार रात को बड़ा बवाल हो गया, जब धार्मिक गुरु प्रकाश मुनि साहेब के आश्रम में बम फेंके जाने के कारण तनाव फैल गया। यह घटना सिमगा तहसील के कबीर पंथियों के धार्मिक स्थल पर हुई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही रात करीब 2 बजे गृह मंत्री विजय शर्मा, भाटापारा के पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, रायपुर रेंज के आईजी रजनीश सिंह, और बलौदाबाजार एसपी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने गुरु प्रकाश मुनि साहेब से मिलकर स्थिति का जायजा लिया।

शुक्रवार रात 9 बजे की घटना

यह घटना तब शुरू हुई जब प्रकाश मुनि साहेब दीपावली पूजन के बाद अपने पुत्र और समर्थकों के साथ गांव में निकले थे। तभी कुछ शरारती तत्वों ने आश्रम परिसर में बम पटाखे जलाकर फेंके और उनके पुत्र के साथ दुर्व्यवहार किया। इससे नाराज होकर गुरु साहेब ने तत्काल सिमगा थाने और गृह मंत्री को इसकी सूचना दी।

गिरफ्तारी और कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा स्वयं मौके पर पहुंचे और उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई का आदेश दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य फरार बदमाशों की तलाश जारी है।

फोर्स की तैनाती

सिमगा थाने में आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है और बलौदाबाजार जिला पुलिस ने सुरक्षा के लिए अतिरिक्त फोर्स की तैनाती कर दी है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।