रायपुर। झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा आदिवासियों पर दिए गए बयान पर छत्तीसगढ़ के सीएम विष्‍णुदेव साय ने सोरेन पर निशाना साधा है। सीएम साय ने एक्‍स पोस्‍ट करते हुए कहा है देश भर में जिस तरह से भाजपा, सक्षम आदिवासी नेतृत्व दे रही है, ऐसा इससे पहले कभी नहीं था। ऐसे में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आदिवासी मुख्यमंत्रियों के बारे में अनर्गल प्रलाप निंदनीय है। यह देश भर के आदिवासी और पिछड़े समाज का अपमान है। जीवन भर अपने कृत्यों से सोरेन परिवार जिस तरह आदिवासी समाज को बदनाम करता रहा है, वह भी निंदनीय है।

जनता की गाढ़ी कमाई लूटकर अपनी तिजोरी भरने वाले सोरेन और उनकी पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में झारखंड की जनता सबक सिखाने का मन बना चुकी हैl यही कारण है कि अब वे समाज के प्रति ही अनाप-शनाप बयानबाजी पर उतारू हो गये हैं। सोरेन परिवार का रिश्वत कांड भी अभी तक जनता भूली नहीं है।

See also  भाजपाः पुलिस खूंखार होकर लोगों को संदेह के आधार पर कर रही प्रताड़ित!

हेमंत सोरेन जी को यह समझ लेना चाहिए कि महज जमानत मिल जाना अपराध मुक्ति का सर्टिफिकेट नहीं होता है। अंतिम फैसला अभी बाकी है। दरअसल आदिवासियों, अनुसूचित जातियों, अन्य पिछड़ा वर्ग, महिलाओं और युवाओं के बीच भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से इंडी गठबंधन घबराया हुआ है। इसी कारण ऐसी बयानबाजी हो रही है। समाज को अपमानित करने वाले किसी भी बयान को जनता सहन नहीं करेगी, इसका माकूल जवाब देगी।

आपको बता दें कि जमानत पर जेल से बाहर निलके सोरेन ने बीजेपी के आदिवासी मुख्‍यमंत्रियों को लेकर एक बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि बीजेपी में आदिवासी मुख्‍यमंत्री केवल रबर स्‍टैंप हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।