रायपुर। छत्तीसगढ़ के बारनवापारा अभ्यारण्य में प्रकृति प्रेमियों के लिए एक अनोखा अवसर आने वाला है। 21 से 23 अक्टूबर 2024 को वन विभाग और बारनवापारा अभ्यारण्य के संयुक्त प्रयास से बटरफ्लाई मीट का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य तितलियों की विभिन्न प्रजातियों को करीब से जानने और उनके पर्यावरणीय महत्त्व को समझने का मौका देना है।

इकोटूरिज्म को बढ़ावा देने वाले इस कार्यक्रम में पंजीकरण के लिए QR कोड भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे इच्छुक लोग आसानी से पंजीयन करा सकते हैं। स्टूडेंट्स के लिए पंजीकरण शुल्क 1500 रुपये और अन्य व्यक्तियों के लिए 2000 रुपये रखा गया है, जिसमें 18 से 60 वर्ष तक की आयु के लोग भाग ले सकते हैं।

बारनवापारा अभ्यारण्य, जो 244.66 वर्ग किमी क्षेत्र में फैला हुआ है, तितलियों की 150 से अधिक प्रजातियों का घर है। इनमें वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत संरक्षित कई दुर्लभ प्रजातियाँ भी शामिल हैं, जैसे क्रिमसन रोज और सिपोरा निरिसा। इसके अलावा, यहां 14-16 हाथियों का समूह और एक बाघ भी निवास करते हैं, जो इसे और भी खास बनाते हैं।

रायपुर से मात्र दो घंटे की दूरी पर स्थित यह अभ्यारण्य प्रकृति प्रेमियों और इकोटूरिज्म के शौकीनों के लिए एक आदर्श स्थल है, जहाँ तितलियों के साथ-साथ अन्य वन्यजीवों को करीब से देखने का मौका मिलता है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।