रायपुर। राजधानी में गुरुवार दोपहर के बाद मौसम ने अचानक रुख बदल लिया। चिलचिलाती धूप और उमस से परेशान लोगों को तेज हवाओं और बारिश ने राहत दी। शहर में अचानक तेज़ आंधियां चलने लगीं, जिसके बाद कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। बारिश के साथ आई ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया और लोगों को भीषण गर्मी से निजात दिलाई।

हालांकि, इस बदले हुए मौसम के चलते कुछ स्थानों पर हादसे भी हुए। नमस्ते चौक में एक बड़ा हादसा सामने आया जहां तेज हवा के कारण शेड उखड़ गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे लोगों को तीखी धूप और उमस से जूझना पड़ रहा था। मगर बीते दो दिनों से मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे थे, और आज की बारिश ने गर्मी से एक बड़ी राहत दी है।

छत्तीसगढ़ के अलावा शहडोल में भी मौसम ने करवट ली है। यहां भी तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई है, जिससे पूरा शहर भीग गया और तापमान में गिरावट आई। ओले गिरने के कारण जहां कुछ इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं लोगों ने राहत की सांस भी ली।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इससे एक ओर जहां गर्मी से राहत मिल सकती है, वहीं तेज हवाओं और आंधियों से सतर्क रहने की भी जरूरत है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।