टीआरपी । national anthem en masse to mark its 150th anniversary : राष्ट्र गीत वंदेमातरम की 150वीं वर्षगांठ पर विविध समाजों की महिला प्रमुखों ने सामूहिक गान किया। देवेंद्र नगर स्थित बालाजी विद्यालय में वंदेमातरम् राष्ट्रगीत पर आधारित कार्यक्रम में निगम रायपुर महापौर मीनल चौबे ने वन्देमातरम की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर देश और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं ।

राष्ट्रधर्म की भावना का शाश्वत प्रतीक

महापौर चौबे ने कहा कि यह गीत मातृभूमि के प्रति अगाध प्रेम, कृतज्ञता और राष्ट्रधर्म की भावना का शाश्वत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश ने एक स्वर में वंदे मातरम का सामूहिक गायन कर मातृभूमि की वंदना की है। यह मात्र गीत नहीं भारत की आजादी का आधार है और सदैव हम सभी के अंदर नव ऊर्जा का संचार करता है ।

महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा कि बंकिमचंद्र चटर्जी द्वारा रचित वंदे मातरम् गीत भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरणा रहा है, जिसने सदैव राष्ट्रीय गौरव, एकता और आत्मसम्मान की ज्योति प्रज्वलित की है। यह मातृभूमि की शक्ति, समृद्धि और दिव्यता का प्रतीक है, साथ ही भारत की एकता और आत्मगौरव की काव्यात्मक अभिव्यक्ति है । हर भारतीय और भी अधिक गर्व और मजबूती से वंदेमातरम् से जुड़ेगा ।

इस दौरान बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने कहा कि बंकिमचंद्र द्वारा रचित वंदेमातरम कालजयी रचना थी। मातृभूमि की स्तुति में लिखा गया काव्य स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशभक्ति की प्रेरणा बना।

शक्ति और ऊर्जा का संचार

छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि राष्ट्रगीत वंदेमातरम् शक्ति और ऊर्जा का संचार करता है, अनगिनत क्रांतिकारी हंसते-हंसते वंदेमातरम् कहकर फांसी के फंदे पर झूल गए। वंदे मातरम गान देश की एकता अखंडता एवं स्वतंत्रता का प्रतीक है।

कार्यक्रम का संचालन वार्ड पार्षद कृतिका जैन ने किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश प्रवक्ता किरण बघेल, रजिया खान पार्षद अनामिका सिंह, समाज की अध्यक्ष ज्योति, स्वप्निल मिश्रा, ममता अग्रवाल, शैलेन्द्रि परगनिया, संगीता शर्मा , मिली बनर्जी, वंदना राठौड़, प्रियंका गिरी , टिकी सिन्हा , सरिता वर्मा एम लक्ष्मी, सुषमा सहित महिला मोर्चा की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।