जशपुरनगर। मां की हत्या करने के बाद आरोपी बेटा,अपनी बहन के साथ शव के पास सारी रात बैठ कर,सुबह होने का इंतजार करता रहा। पुलिस के पूछताछ में सारा मामला सामने आ गया। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सिटोंगा की है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि सिटोंगा निवासी पुनिया बाई (55) पति स्व. रामसिरिश का खून से सना हुआ शव उसके घर में पड़ा हुआ है।

सूचना पर पुलिस की टीम सिटोंगा पहुंची। यहां शव की जांच करने के बाद पुलिस शव का परीक्षण किया तो मृतिका के सिर में आंख के ऊपर और साथ ही छाती पर भी हथियार के चोट के निशान मिले। संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतिका के बेटे आरोपी राजेश राम से पूछताछ शुरू की। इस दौरान आरोपित द्वारा बार-बार बयान बदले जाने और विरोधाभाषी बातें किए जाने से पुलिस को राजेश पर संदेह पुख्ता हो गया। मौके पर ही कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपित ने अपराध कबूल कर लिया।

उसने पुलिस को बताया कि बुधवार की सुबह वह मछली मारने के गांव के पास स्थित एक तलाब में चला गया था। शाम को जब वह घर वापस लौटा तो मां और बहन सुगंती के साथ बैठकर खाना खाया । इसके बाद घर के एक कमरे में बैठ कर मां के साथ शराब का सेवन करने लगा। नशे की तरंग में मां और बेटे के बीच विवाद हो गया।

आरोपित के मुताबिक उसकी मां शराब पीने के लिए घर में रखे हुए धान और चावल को बेच दिया करती थी। इस बात आपत्ति जताते हुए जब उसने मृतिका को ऐसा ना करने की समझाइश देने की कोशिश की तो वह भड़क गई। इससे वह भी आवेश में आ गया और पास में रखे हुए एक कुल्हाड़ी के बट से मां की पिटाई करने लगा। इससे घबरा कर जब वृद्धा भागने लगी तो आरोपित ने कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 302 के तहत कार्रवाई कर रही है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू
 पर

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।