टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोवा क्षेत्र में एक बाउंसर ने अपनी दो सालियों की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी जितेंद्र वर्मा अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिससे परेशान होकर उसकी पत्नी बच्चों के साथ मायके चली गई थी।

मंगलवार रात जितेंद्र नशे की हालत में अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर ससुराल पहुंचा और बच्चों से मिलने की जिद करने लगा।

जब उसकी सालियों, गीतांजलि और दुर्गेश्वरी ने उसे समझाने का प्रयास किया, तो जितेंद्र ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। माथे पर गोली लगने से गीतांजलि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दुर्गेश्वरी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने सड़क पर हवाई फायरिंग की और फिर खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की पिस्टल जब्त कर ली है और मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

See also  कंगना रनौत दफ्तर का हाल देख हुईं निराश, BMC के खिलाफ याचिका 22 सितंबर तक टली