जांजगीर। बेटे की कुछ दिन पहले सड़क हादसे में मौत हो जाती है। इकलौते बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त ना कर पाने वाले पति-पत्नी ने बेटे के बिना जीवन को निरर्थक मानते हुए अपने प्राण दे दिए।

जांजगीर-चांपा के ग्राम धरदेई में एक दंपत्ति ने साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
मृतकों की पहचान रमाबाई पटेल उम्र 47 वर्ष और उनके पति कृष्णा पटेल उम्र 48 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों अपने घर के पीछे साड़ी में बनाए गए फांसी के फंदे पर लटके मिले। जिसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही दंपति के इकलौते बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। बेटे की असमय मौत से पति-पत्नी गहरे सदमे में थे और इसी मानसिक आघात के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।

इस घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है, परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं। वहीं पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। बहरहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।


