टीआरपी डेस्क। देश की राजधानी दिल्ली में शराब नीति में कथित भ्रष्टाचार के मामले में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए बड़ी खुशखबरी आई। दिल्ली की एक अदालत ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई (CBI) केस में आरोप मुक्त (Discharged) कर दिया है। फैसले के बाद केजरीवाल ने भावुक होते हुए कहा, ‘मैं भ्रष्ट नहीं हूं’।

क्या थी नई शराब नीति?
17 नवंबर 2021 को दिल्ली सरकार ने नई आबकारी नीति लागू की थी। इसके तहत दिल्ली को 32 जोन में बांटकर 849 प्राइवेट दुकानें खोलने का लक्ष्य रखा गया था। सरकार का तर्क था कि इससे 3,500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिलेगा।

घोटाले के आरोपों का मुख्य आधार
विपक्ष और जांच एजेंसियों ने इस नीति पर तीन मुख्य आरोप लगाए थे:

लाइसेंस फीस में भारी वृद्धि: एल-1 लाइसेंस की फीस 25 लाख से बढ़ाकर सीधे 5 करोड़ कर दी गई। आरोप था कि यह छोटे कारोबारियों को बाहर कर बड़े शराब माफिया को फायदा पहुंचाने के लिए किया गया।

See also  चंद्रबाबू-नीतीश का नाम लेकर मोदी ने कहा - जनता का ऋणी, उन्होंने NDA पर तीसरी बार भरोसा जताया

मुनाफे का खेल: आरोप था कि एक बोतल (750ml) पर रिटेल कारोबारी का मुनाफा 33 रुपये से बढ़ाकर 363 रुपये कर दिया गया, जबकि सरकार का मुनाफा 329 रुपये से घटकर महज 3.78 रुपये रह गया।

क्लबिंग और एकाधिकार: पूरी दिल्ली में शराब की दुकानों को 100% प्राइवेट कर दिया गया, जिससे सिंडिकेट को बढ़ावा मिलने का दावा किया गया।

जांच का सफर: छापेमारी से गिरफ्तारी तक
इस मामले की जांच तब शुरू हुई जब दिल्ली के मुख्य सचिव की रिपोर्ट के बाद उपराज्यपाल (LG) ने सीबीआई जांच की सिफारिश की। अगस्त 2022 में मनीष सिसोदिया के घर छापेमारी हुई और बाद में ईडी (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया। इस मामले में विजय नायर, संजय सिंह और के. कविता की भी गिरफ्तारियां हुईं।

शराब नीति घटनाक्रम

  • 17 नवंबर 2021: नई शराब नीति लागू हुई।
  • 22 जुलाई 2022: उपराज्यपाल ने सीबीआई जांच की सिफारिश की।
  • मार्च 2023: मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी।
  • 21 मार्च 2024: अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी।
  • आज का फैसला: सीबीआई केस में केजरीवाल और सिसोदिया आरोप मुक्त।
See also  श्री रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज की मान्यता प्रक्रिया रद्द, NMC ने 3 डॉक्टर्स को किया ब्लैकलिस्ट

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।