टीआरपी डेस्क। राजस्थान के राजसमंद जिले में सिसोदा गांव है। यह गांव नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। यह गांव एक खास वजह से इन दिनों सुर्खियों में है। वजह है यहां बनी एक भव्य सरकारी स्कूल की बिल्डिंग जोकि एक आलीशान 5 स्टार होटल जैसी दिखाई देती है। आधुनिक सुविधाओं के साथ बने स्कूल की 3 मंजिला इमारत लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस स्कूलकी भव्यता के पीछे हैं गांव के ही दो भाई हैं जिनके नाम मेघराज और अजीत धाकड़ है।

मेघराज धाकड़ और अजीत धाकड़ ने अपने गांव के बच्चों को बेहतर शिक्षा और वातावरण देने का सपना देखा और उसे साकार करने के लिए अपनी निजी पूंजी से लगभग ₹15 करोड़ खर्च करके यह शानदार सरकारी स्कूल की इमारत तैयार करवाई है। इन दोनों भाइयों ने भी इसी स्कूल में पढ़ाई की थी।

स्कूल में हैं 40 कमरे

स्कूल की 3 मंजिला इमारत में 40 कमरे बनाए गए हैं, जिनमें कक्षाएं, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और शिक्षक कक्ष शामिल हैं। भवन की बनावट और सुविधाएं किसी निजी अंतरराष्ट्रीय स्कूल से कम नहीं हैं। परिसर में हरियाली, स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। बच्चों के खेलने के लिए अलग से ग्राउंड बनाया गया है।

See also  समलैंगिक विवाह पर केंद्र सरकार का विरोध, कहा- भारतीय परिवार नहीं मान सकता...

सिसोदा गांव के दो भाइयों की यह पहल पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल बन चुकी है कि यदि समाज के लोग शिक्षा को लेकर संकल्प लें तो सरकारी संस्थानों को भी उत्कृष्ट बनाया जा सकता है। मेघराज धाकड़ और अजीत धाकड़ दोनों भाई समाजसेवी हैं। गांव वाले इन भाइयों की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। गांव वालों को उम्मीद है कि इस पहल से गांव के बच्चों को शहर की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।