शुक्रवार, 23 अक्तूबर 2026 शुक्र, 23 अक्तू॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
Education News TRP

राजकुमार कॉलेज रायपुर में ऑल इंडिया IPSC म्यूजिक फेस्ट और तीरंदाजी चैंपियनशिप का आगाज, 29 स्कूलों की टीमें दिखाएंगी हुनर

Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित राजकुमार कॉलेज में ऑल इंडिया आईपीएससी म्यूजिक फेस्ट एवं तीरंदाजी-शूटिंग चैंपियनशिप 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह दोपहर 12 बजे कॉलेज के जशपुर हॉल में आयोजित किया गया। राजकुमार कॉलेज सोसायटी की जनरल काउंसिल के अध्यक्ष और मुख्य अतिथि राजा त्रिबिक्रमचंद्र देब बरम्बा ने प्रतियोगिताओं का औपचारिक […]

राजकुमार कॉलेज रायपुर में ऑल इंडिया IPSC म्यूजिक फेस्ट और तीरंदाजी चैंपियनशिप का आगाज, 29 स्कूलों की टीमें दिखाएंगी हुनर
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित राजकुमार कॉलेज में ऑल इंडिया आईपीएससी म्यूजिक फेस्ट एवं तीरंदाजी-शूटिंग चैंपियनशिप 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह दोपहर 12 बजे कॉलेज के जशपुर हॉल में आयोजित किया गया। राजकुमार कॉलेज सोसायटी की जनरल काउंसिल के अध्यक्ष और मुख्य अतिथि राजा त्रिबिक्रमचंद्र देब बरम्बा ने प्रतियोगिताओं का औपचारिक उद्घाटन किया। इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर के 29 प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को शपथ दिलाई गई। राजकुमार कॉलेज के प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके बाद मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिताओं के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की। समारोह के दौरान हुई विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, प्रतिभागियों और दर्शकों का मन मोह लिया।

‘नाद संगम’ में भारतीय संगीत की विविध प्रस्तुतियां

आईपीएससी म्यूजिक फेस्ट ‘नाद संगम’ 2026 में भारतीय संगीत की विभिन्न विधाओं को मंच दिया जा रहा है। इसके अंतर्गत भारतीय शास्त्रीय वाद्ययंत्रों की एकल प्रस्तुतियां, भारतीय तालवाद्यों की एकल प्रस्तुतियां, समूह लोकगीत, भारतीय वाद्ययंत्रों की अर्ध-शास्त्रीय जुगलबंदी, भारतीय शास्त्रीय गायन और शास्त्रीय ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी संगीत प्रतिभा दिखाने और विभिन्न विद्यालयों की सांस्कृतिक प्रतिभाओं से परिचित होने का अवसर मिल रहा है।

तीरंदाजी और शूटिंग में खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर

म्यूजिक फेस्ट के साथ ही ऑल इंडिया आईपीएससी तीरंदाजी-शूटिंग चैंपियनशिप 2026 की प्रतियोगिताएं भी शुरू हो गई हैं। विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ी तीरंदाजी और निशानेबाजी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। तीरंदाजी में प्रतिभागियों ने लक्ष्य साधने के कौशल का परिचय दिया, वहीं शूटिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी सटीक निशानेबाजी से सबका ध्यान आकर्षित किया। चैंपियनशिप में बालक और बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

28 अक्टूबर तक चलेगा आयोजन

राजकुमार कॉलेज, रायपुर में 28 अक्टूबर 2026 तक ऑल इंडिया इंडियन पब्लिक स्कूल्स कॉन्फ्रेंस (IPSC) के अंतर्गत म्यूजिक फेस्ट, बालक-बालिका तीरंदाजी चैंपियनशिप और बालक-बालिका शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से आईपीएससी से संबद्ध 29 प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमें भाग लेने के लिए रायपुर पहुंच चुकी हैं। संगीत, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अवसर प्रदान करना है।

Naveen Kumar Sahu
लेखक / पत्रकार:

Naveen Kumar Sahu

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन