टीआरपी डेस्क। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़े घटनाक्रम के तहत मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनकी पार्टी शिवसेना ने VSR Ventures कंपनी के विमानों का इस्तेमाल न करने का कड़ा निर्णय लिया है। यह फैसला पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की दुखद मृत्यु के बाद सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए लिया गया है। अजित पवार की मृत्यु इसी कंपनी के एक चार्टर्ड विमान के क्रैश होने से हुई थी।
DGCA का VSR वेंचर्स पर बड़ा एक्शन
अजित पवार जिस विमान में सवार थे, वह दिल्ली स्थित VSR Ventures Pvt Ltd का Learjet 45XR (VT-SSK) मॉडल था। हादसे के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने कंपनी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए उसके चार अन्य विमानों (VT-VRA, VT-VRS, VT-VRV, और VT-TRI) को तुरंत प्रभाव से ग्राउंडेड (उड़ान पर रोक) कर दिया है। DGCA के ऑडिट में सामने आया कि कंपनी के रखरखाव (Maintenance) और परिचालन प्रक्रियाओं में गंभीर खामियां थीं।
बारामती में हुआ था वो खौफनाक हादसा
महाराष्ट्र के कद्दावर नेता अजित पवार की मृत्यु 28 जनवरी 2026 को पुणे के बारामती में हुई थी। सुबह लगभग 8:46 मिनट पर विमान मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुआ। इस दौरान बारामती एयरपोर्ट के रनवे-11 पर लैंडिंग का दूसरा प्रयास किया, तभी वह बेकाबू होकर मैदान में गिर गया। क्रैश होते ही विमान आग की लपटों में घिर गया और उसमें एक के बाद एक कई धमाके हुए। इस हादसे में अजित पवार के साथ उनके पीएसओ, एक अटेंडेंट और दो क्रू मेंबर्स की भी मौत हो गई थी।
सुरक्षा सर्वोपरि: शिंदे गुट का रुख
शिवसेना (शिंदे गुट) के सूत्रों का कहना है कि पार्टी अपने नेताओं की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहती। जब तक VSR वेंचर्स की जांच पूरी नहीं हो जाती और सुरक्षा मानकों पर स्पष्टता नहीं आती, तब तक पार्टी का कोई भी नेता इस कंपनी की सेवाओं का लाभ नहीं लेगा।


