टीआरपी डेस्क। बिहार के औरंगाबाद जिले के गेट स्कूल मैदान में शुक्रवार रात भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के स्टेज शो के दौरान भीड़ बेकाबू हो गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिससे कार्यक्रम करीब 30 मिनट तक बाधित रहा। इस दौरान दर्शकों ने कई कुर्सियां तोड़ डाली, और पुलिस से भी भिड़ गए।

बीजेपी नेता की सालगिरह पर हुआ था आयोजन

कार्यक्रम का आयोजन बीजेपी नेता व पूर्व एमएलसी राजन सिंह और ममता सिंह की शादी की 25वीं सालगिरह के अवसर पर किया गया था। इसमें भोजपुरी के कई मशहूर कलाकारों ने प्रस्तुति दी।

अक्षरा सिंह को देखते ही बेकाबू हुई भीड़

कार्यक्रम के दौरान पहले अनुपमा यादव ने प्रस्तुति दी, जिसके बाद जैसे ही अक्षरा सिंह मंच पर पहुंचीं, दर्शकों में उत्साह चरम पर पहुंच गया। भीड़ मंच के करीब जाने और सेल्फी लेने की कोशिश करने लगी। सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन भीड़ और उग्र हो गई, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

See also  साइबर जालसाजों ने कई बॉलीवुड अभिनेताओं और क्रिकेटरों के PAN डिटेल्स से बनवाए क्रेडिट कार्ड 

पुलिस से झड़प के बाद अक्षरा सिंह स्टेज से हटीं

लाठीचार्ज के बावजूद भीड़ शांत नहीं हुई और पुलिस प्रशासन से उलझने लगी। हालात बिगड़ते देख अक्षरा सिंह मंच छोड़कर अपने कमरे में चली गईं। इसके बाद पूर्व एमएलसी राजन सिंह और उनके समर्थकों ने दर्शकों को शांत कराया, तब जाकर कार्यक्रम दोबारा शुरू हो सका।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बावजूद बिगड़े हालात

कार्यक्रम के लिए दर्जनों पुलिसकर्मी और दो दर्जन से अधिक निजी सुरक्षाकर्मी तैनात थे। मंच से करीब 20 फीट की दूरी पर दर्शकदीर्घा बनाई गई थी, लेकिन अक्षरा सिंह के आते ही भीड़ ने सुरक्षा घेरा तोड़ दिया, जिसके चलते पुलिस को मजबूरन लाठीचार्ज करना पड़ा।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।