टीआरपी डेस्क। बॉलीवुड एक्ट्रेस नरगिस फाखरी की बहन आलिया फाखरी को अमेरिका में डबल मर्डर के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 43 वर्षीय आलिया पर आरोप है कि उसने 2 नवंबर को न्यूयॉर्क के क्वींस इलाके में एक दो-मंजिला गैराज में आग लगा दी, जिसमें उसका पूर्व प्रेमी एडवर्ड जैकब्स (35) और उसकी गर्लफ्रेंड अनास्तासिया एटियन (33) मौजूद थे। इस आग में दोनों की जलने से मौत हो गई।

जैकब्स को बचाने के लिए गर्लफ्रेंड ने आग में कूदकर जान दी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, न्यूयॉर्क के डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी मेलिंडा कैट्ज़ ने बताया कि आलिया फाखरी घटना के दिन सुबह गैराज में पहुंची और ऊपर के फ्लोर पर रहने वाले जैकब्स पर चिल्लाते हुए कहा, आज तुम सब मरोगे। इसके बाद चश्मदीदों ने देखा कि गैराज से धुआं उठ रहा था और उन्होंने अंदर फंसे एक आदमी और लड़की को बाहर निकालने की कोशिश की। भीषण आग के बीच, अनास्तासिया तो बाहर आ गई, लेकिन जब उसने देखा कि जैकब्स अभी भी अंदर है, तो वह उसे बचाने के लिए दोबारा गैराज में घुसी। इस कोशिश में दोनों की मौत हो गई। अटॉर्नी के अनुसार, दोनों की मौत आग और धुएं से जलने के कारण हुई।

आलिया फाखरी पर गंभीर आरोप

आलिया फाखरी पर प्रथम और द्वितीय श्रेणी की हत्या के चार-चार आरोप लगाए गए हैं, साथ ही आगजनी में शामिल होने का भी आरोप है। इस हत्याकांड में दोषी पाए जाने पर उसे उम्रकैद की सजा हो सकती है। फिलहाल, आलिया हिरासत में है और मामले की अगली सुनवाई 9 दिसंबर को होगी।

रिलेशनशिप खत्म होने से नाराज थी आलिया

जैकब्स की मां ने बताया कि आलिया और जैकब्स का रिश्ता विवादों से भरा था। गवाहों के अनुसार, आलिया ने पहले भी जैकब्स का घर जलाने की धमकी दी थी। एक साल पहले जैकब्स ने आलिया से रिश्ता खत्म कर लिया था, लेकिन वह इसे स्वीकार नहीं कर पाई।

आलिया फाखरी की मां का बयान

आलिया की मां ने मीडिया से कहा, मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मेरी बेटी ऐसा कुछ कर सकती है। वह बहुत दयालु और मददगार है। उन्होंने बताया कि आलिया को दांतों के इलाज के बाद ओपिओइड की लत लग गई थी, जिससे उसका मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित हुआ। इस मामले पर अब तक नरगिस फाखरी की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। नरगिस को बॉलीवुड फिल्म ‘रॉकस्टार’ में अपने किरदार के लिए पहचान मिली थी।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।