Prabhas Fauzi Teaser: साउथ सिनेमा से पैन इंडिया स्टार बने प्रभास के जन्मदिन पर उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘फौजी’ का टीजर रिलीज किया गया। करीब 2 मिनट 31 सेकंड के इस टीजर में भारत के स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और एडॉल्फ हिटलर के बीच संवाद के साथ प्रभास का दमदार किरदार देखने को मिला है। फिल्म में प्रभास एक ऐसे भारतीय सैनिक की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जो ब्रिटिश हुकूमत के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस और हिटलर की मुलाकात से शुरू होती है कहानी
‘फौजी’ के टीजर की शुरुआत 29 मई 1942 को द्वितीय विश्व युद्ध के दौर से होती है। इसमें नेताजी सुभाष चंद्र बोस को जर्मनी के तत्कालीन नेता एडॉल्फ हिटलर से मिलते हुए दिखाया गया है। बातचीत के दौरान हिटलर उनसे पूछता है कि क्या वह ब्रिटेन को हराने के लिए जर्मनी की मदद चाहते हैं। इस पर नेताजी कहते हैं कि दोनों का दुश्मन एक ही है और वह ब्रिटेन है। हिटलर भारत पर दो सदियों से हो रहे शासन का जिक्र करते हुए इसे एक हारी हुई लड़ाई बताता है। जवाब में बोस कहते हैं कि हिटलर भारतीयों को नहीं जानता। वह ब्रिटेन से भारत को आजाद कराने का अपना संकल्प भी दोहराते हैं। जब हिटलर कहता है कि ख्वाबों से जंग नहीं जीती जाती, तो नेताजी का जवाब आता है कि जीत ख्वाबों से नहीं, अक्ल से हासिल की जाएगी। इसी संवाद के बाद प्रभास के किरदार की एंट्री होती है।
कौन है वह भारतीय सैनिक, जिससे हिटलर भी मिलना चाहता है?
टीजर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस एक ऐसे भारतीय सैनिक का जिक्र करते हैं, जिसने ब्रिटिश सेना के खिलाफ लड़ाई में अहम भूमिका निभाई। बोस बताते हैं कि जापान ने ब्रिटेन को हराकर सिंगापुर पर कब्जा किया था, लेकिन उस जीत के पीछे एक भारतीय की भूमिका भी थी। इस किरदार को सैनिक, रणनीतिकार और भारतीय जासूस के रूप में पेश किया गया है। टीजर के मुताबिक, उसने गीता पर आधारित एक ऐसा कोड तैयार किया है, जिसे ब्रिटिश भी आसानी से समझ नहीं सकते। जब हिटलर उस सैनिक का नाम पूछता है, तो नेताजी बताते हैं कि उसका असली नाम किसी को नहीं पता। ब्रिटिश उसे ‘फौजी’ के नाम से बुलाते हैं। बोस यह भी कहते हैं कि वह कोलकाता में भारत की रक्षा कर रहा है। इसके बाद प्रभास के किरदार को 1932 से ब्रिटिश हुकूमत का मोस्ट वॉन्टेड सैनिक बताया जाता है।
‘अंग्रेजों का खून लेगा फौजी’, प्रभास के डायलॉग ने खींचा ध्यान
टीजर के आखिरी हिस्से में प्रभास का किरदार अंग्रेजों को खुली चुनौती देता सुनाई देता है। उसका डायलॉग है, ‘अबे ओ फिरंगी, मैं तेरा खून लूंगा और आजादी भी।’ इस संवाद के साथ फिल्म में प्रभास का आक्रामक अंदाज देखने को मिलता है। टीजर सामने आने के बाद अभिनेता के प्रशंसकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
कब रिलीज होगी प्रभास की ‘फौजी’?
‘फौजी’ का निर्देशन हनु राघवपुड़ी कर रहे हैं। फिल्म भारत के स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसमें प्रभास एक ऐसे सैनिक की भूमिका निभा रहे हैं, जो ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ता है। फिल्म मार्च 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। प्रभास के जन्मदिन पर जारी टीजर ने फिल्म की कहानी, उनके किरदार और आजादी की लड़ाई से जुड़े घटनाक्रमों को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है।



