बिलासपुर।पिछले दिनों जिले के भरारी गांव में पुराने स्कूल के कमरे में एक बालक की लाश मिली। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि कक्षा आठवीं के छात्र चिन्मय सूर्यवंशी की उसके ही दोस्त ने गला दबाकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने गेम खेलने के लिए चिन्मय से उसका मोबाइल फोन मांगा था, नहीं देने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

रतनपुर थाना क्षेत्र के भरारी गांव में गुरुवार (14 अगस्त) को उस वक्त सनसनी फैल गई थी, जब 10 साल से बंद पड़े पुराने स्कूल के एक कमरे से 13 साल के चिन्मय सूर्यवंशी की सड़ी-गली लाश बरामद हुई। बदबू आने पर ग्रामीण वहां पहुंचे तो बंद कमरे में क्षत-विक्षत शव देखकर दंग रह गए।

चिन्मय 31 जुलाई की शाम अपने पिता का पुराना मोबाइल लेकर खेलने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने हर जगह तलाश की, पंपलेट बांटे और यहां तक कि एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया, लेकिन 13 दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस भी अपहरण के शक में जांच कर रही थी।

See also  अलर्ट: ऑनलाइन पढ़ाई है घातक, मोबाइल से अपने बच्चों को रखें दूर

साइबर सेल की मदद से पुलिस को तब अहम सुराग मिला जब चिन्मय का मोबाइल अचानक चालू हुआ। जांच में गांव के ही 19 वर्षीय छत्रपाल सूर्यवंशी का नाम सामने आया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि गेम खेलने के लिए उसने चिन्मय से मोबाइल मांगा, मगर इंकार करने पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और लाश को खंडहर स्कूल में छुपा दिया। बाद में मोबाइल की सिम निकालकर फेंक दी और उसे बेचने की कोशिश की, जिससे पुलिस तक मामला पहुंच गया।

जब पुलिस आरोपी को लेकर घटनास्थल पहुंची, तो पूरे गांव में खबर फैल गई। गुस्साए लोग आरोपी को पीटने पर उतारू हो गए, लेकिन पुलिस ने भीड़ को काबू कर उसे थाने भेज दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी और उसके साथियों से हत्या के घटनाक्रम की पूरी जानकारी ले रही है।

हत्या की इस वारदात ने मोबाइल के चलते उपजी समस्याओं की ओर एक बार फिर सभी का ध्यान खींचा है। आलम यह है कि अगर परिजन ने मोबाइल नहीं दिया तो बच्चे अपनी जान तक दे देते हैं, वहीं इसके चलते हत्या तक की वारदात हो रही है।

See also  चाइनीज मांझा से नाक कटने के बाद जागा निगम, पतंग दुकानों पर कार्रवाई, 10 हजार का जुर्माना