टीआरपी डेस्क। वैश्विक बाजारों में आए बदलाव और ट्रंप टैरिफ में मिली राहत के बीच घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है। बुधवार, 4 फरवरी को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का भाव 1,60,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया है। वहीं चांदी की कीमतों में भी जोरदार तेजी जारी है, जिससे इसके जल्द ही 3 लाख रुपये प्रति किलो के आंकड़े को छूने की संभावना जताई जा रही है।

बाजार के जानकारों के अनुसार, बुधवार सुबह एमसीएक्स पर सोने की कीमतों में करीब 6,190 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कारोबार के दौरान सोने ने 1,60,755 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ। चांदी में भी सुबह से ही तेजी का रुख बना हुआ है और इसमें प्रति किलो 13 हजार रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी देखी गई। वर्तमान में चांदी का भाव 2,81,995 रुपये प्रति किलो के आसपास बना हुआ है।

See also  सावधान! हवा में उड़ते Death Flights: IndiGo और Air India की 50% फ्लाइट्स में तकनीकी खराबी, ये रिपोर्ट उड़ा देगी आपके होश

विभिन्न शहरों में सोने के भाव

देश के प्रमुख शहरों में आज सोने की कीमतों में मामूली अंतर देखा जा रहा है। रायपुर में सोने का भाव 1,59,270 रुपये, भोपाल और इंदौर में 1,59,500 रुपये, जबकि जयपुर में 1,59,310 रुपये दर्ज किया गया है। दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों में भी कीमतें 1.54 लाख से 1.60 लाख रुपये के दायरे में बनी हुई हैं।

गिरावट के बाद बड़ी रिकवरी

गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखी गई थी। 3 फरवरी को एमसीएक्स पर सोना 1,53,809 रुपये पर बंद हुआ था, जबकि चांदी में भी मामूली गिरावट रही थी। लेकिन बुधवार को बाजार खुलते ही मांग में आई तेजी और अंतरराष्ट्रीय संकेतों के कारण दोनों कीमती धातुओं ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही ट्रेंड जारी रहा, तो चांदी जल्द ही अपने नए ऐतिहासिक स्तर 3 लाख रुपये को पार कर सकती है।

See also  Maruti Suzuki लॉन्च करने जा रही है ये 3 शानदार कार, Mahindra को देगी टक्कर