टीआरपी डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बॉन्डी बीच से बड़ी खबर सामने आई है। जहां यहूदी समुदाय का प्रमुख त्योहार हनुक्का मनाया जा रहा था और इसी दौरान बॉन्डी बीच पर अचानक फायरिंग शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत लोगों से सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की अपील की।

जानकारी के मुताबिक, इस घटना में 12 लोगों की मौत और कई अन्य के घायल होने की खबर है। घटना के वक्त बॉन्डी बीच पर करीब 2,000 लोग मौजूद थे, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में दो संदिग्ध काले कपड़ों में, हाथों में राइफल लिए ऊंचाई से आम लोगों पर फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, न्यू साउथ वेल्स एंबुलेंस सेवा को स्थानीय समयानुसार शाम करीब 6:45 बजे बॉन्डी बीच पर कई लोगों को गोली लगने की सूचना मिली। एंबुलेंस अधिकारियों ने बताया कि कई घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

इस घटना पर इज़राइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सिडनी में यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किए गए इस हमले को आतंकवादी करार दिया। राष्ट्रपति हर्ज़ोग ने कहा कि हनुक्का की पहली मोमबत्ती जलाने के लिए एकत्र हुए यहूदियों पर किया गया यह हमला बेहद क्रूर और घृणित है। उन्होंने पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और मृतकों के लिए प्रार्थना करने की बात कही।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।