शिक्षकों के जींस और टी-शर्ट पहनने पर प्रतिबंध, पाकिस्तान में महिलाओं के लिए भी तालिबानी फरमान 

इस्लामाबाद। तालिबान की तरह पाकिस्तान ने भी महिलाओं और पुरुषों के पहनावे पर प्रतिबंध लगाना शुरू कर दिया है। डॉन न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के संघीय शिक्षा निदेशालय (एफडीई) ने एक अधिसूचना जारी कर महिला शिक्षकों के जींस और टाइट कपड़े पहनने पर रोक लगा दी है। इसके अलावा पुरुषों के पहनावे पर भी रोक लगा दी है।

डॉन न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, इस संबंध में शिक्षा निदेशक ने स्कूल और कॉलेजों के प्राचार्यों को एक पत्र भेजा है। पत्र में प्राचार्यों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि प्रत्येक स्टाफ अपना पहनावा सही करे जिससे कि समाज में एक अच्छा संदेश जाए। पत्र में नियमित बाल कटवाने, दाढ़ी ट्रिमिंग, नाखून काटने, शॉवर और इत्र के उपयोग जैसे अच्छे उपायों के बारे में भी कहा गया है।

पाकिस्तान शिक्षा विभाग ने दी सफाई

पाकिस्तान शिक्षा विभाग का कहना है कि हमने रिसर्च के दौरान यह पाया है कि पहनावे का असर लोगों के विचार पर उससे कहीं ज्यादा होता है, जितना  समझा जाता है। पहला प्रभाव तो छात्रों के व्यक्तित्व पर ही होता है। हमने यह तय किया है कि महिला शिक्षक अब से जींस या टाइट्स नहीं पहन सकेंगी। पुरुष शिक्षकों के भी जींस और टी-शर्ट पहनने पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाई जा रही है। उन्हें क्लास रूम और लैब्स में टीचिंग गाउन्स या कोट्स पहनना जरूरी होगा।

विरोध शुरू

पाकिस्तान के न्यूज चैनलों पर शिक्षा विभाग के इस फरमान के खिलाफ विरोध की आवाजें उठने लगी हैं । कुछ लोगों का कहना है कि जिस मुल्क का प्रधानमंत्री ही यौन  शोषण के लिए महिलाओं के लिबास को दोष देता हो, वहां तो इस तरह के फरमान जारी होने ही थे। लेकिन, उन्हें यह बताना चाहिए कि तीन साल की बच्चियों के साथ होने वाले रेप और मर्डर के लिए कौन से नियम लागू होते हैं।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू और वॉट्सएप, पर…

 

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।